गणेश उत्सव के लिए साइबराबाद पुलिस ने कसी कमर
हैदराबाद, साइबराबाद के पुलिस आयुक्त अविनाश मोहंती ने कहा कि आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण व भव्य बनाने के लिए तैयारियां तेजी से चल रही है।गणेशोत्सव को लेकर गच्चीबावली स्थित साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय में पुलिस व भाग्यनगर गणेश उत्सव समिति के सदस्यों के बीच समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।

भव्य उत्सव के लिए पुख्ता इंतज़ाम-अविनाश मोहंती
बैठक को संबोधित करते हुए अविनाश मोहंती ने कहा कि गणेश उत्सव राज्य का सबसे बड़ा त्यौहार है, इस वर्ष 27 अगस्त से 6 सितंबर 2025 तक मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग मिलकर आपसी सौहार्द में त्यौहार सफलतापूर्ण ढंग से संपन्न करने में सहयोग करें। उन्होंने जीएचएमसी अधिकारियों को निर्देश दिया कि तालाबों और विसर्जन स्थलों पर स्ट्रीट लाइट, फ्लड लाइट और क्रेन पहले से उपलब्ध रहें। साथ ही भक्तों की सुविधा के लिए टेंट, लाइट की व्यवस्था, बैरिकेड्स, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और चिकित्सकीय सुविधा का भी प्रबंध किया जाए। इसके अलावा उन्होंने पुलिस स्टेशनों को आदेश दिया कि वे अपने क्षेत्र में गणेश मंडप समितियों का विवरण एकत्र करें और बिजली दुर्घटनाओं से बचाव के लिए संबंधित विभागों से तालमेल बनाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।अवसर पर साइबराबाद के संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक) डॉ. गजराव भूपाल, जीएचएमसी के जोनल कमिश्नर हेमंत, समिति के महासचिव डॉ. शशिधर, मेडचल के डीसीपी एन. कोटी रेड्डी, बालानगर के डीसीपी के. सुरेश कुमार, माधापुर के डीसीपी डॉ. जी. विनीत, राजेंद्रनगर के डीसीपी सी.एच. श्रीनिवास, महिला एवं बाल सुरक्षा विंग की डीसीपी सृजना कर्णम सहित जीएचएमसी, फायर स्टेशन, आरटीए, आरएंडबी, चिकित्सा, बिजली व अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



