दिल्ली में ईमेल से बम धमकी : स्कूल-बैंक परिसरों में सुरक्षा जांच जारी

नयी दिल्ली, दिल्ली के तीन बैंकों और छह स्कूलों को सोमवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई जिसके बाद कई सुरक्षा दलों को इन परिसरों में भेजा गया और व्यापक तलाश अभियान शुरू किया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिन बैंकों को धमकियां मिलीं उनमें कनॉट प्लेस स्थित एक्सिस बैंक की शाखा, भारतीय स्टेट बैंक की एम्स शाखा और पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित एसबीआई की शाखा शामिल हैं। जिन छह स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए उनमें दिल्ली कैंट का आर्मी पब्लिक स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल, सरदार पटेल विद्यालय, जनकपुरी का मीरा पब्लिक स्कूल, रामजस पब्लिक स्कूल और राजेंद्र नगर का रामजस स्कूल शामिल हैं।

डीएफएस के अनुसार, संस्थानों को ईमेल प्राप्त होने के बाद सुबह 8.20 बजे से बम की धमकियों से संबंधित कॉल आने शुरू हो गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते, खोजी दल और दमकल विभाग की टीमों को तुरंत अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया। विध्वंसक रोधी विस्तृत जांच चल रही है। स्कूल परिसर में प्रशासन द्वारा ईमेल देखे जाने के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर छात्रों और कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया। अभिभावकों को सूचित कर दिया गया और उनसे नहीं घबराने का अनुरोध किया गया, जबकि सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर में तलाशी शुरू कर दी।

सरदार पटेल विद्यालय में धमकी, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली

अभिभावकों को भेजे गए एक संदेश में सरदार पटेल विद्यालय ने बताया कि सुबह स्कूल को धमकी मिली थी और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के लिए पुलिस टीमें परिसर में मौजूद है। विद्यालय ने यह भी बताया कि सभी छात्रों को सुरक्षित परिसर से बाहर निकाल लिया गया है। संदेश में कहा गया है कि परिसर को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद जूनियर स्कूल के छात्रों के लिए कक्षाएं फिर से शुरू हो जाएंगी, जबकि वरिष्ठ कक्षाओं के छात्रों की परीक्षाएं सुरक्षा एजेंसियों से मंजूरी मिलने के बाद फिर से शुरू होंगी।

यह भी पढे़: दिल्ली उच्च न्यायालय को ईमेल से मिली बम की धमकी

पुलिस ने बताया कि सुरक्षाकर्मी सभी प्रभावित स्कूलों और बैंक शाखाओं में कक्षाओं, गलियारों, प्रशासनिक भवनों, पार्किंग क्षेत्रों और आसपास के परिसरों का गहन निरीक्षण कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि अब तक किसी भी स्थान से कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है। ये घटनाएं शहर भर में बढ़ी हुई सतर्कता के बीच घटी हैं। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button