दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी-आतंकी मॉड्यूल के दो सदस्य गिरफ्तार
नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने कथित विदेशी संबंधों वाले एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल के दो प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने सोमवार को कहा कि षड्यंत्र की प्रकृति और राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके संभावित प्रभावों के आधार पर इस प्रकरण में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के प्रावधानों में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी इमरान (37) और मोहम्मद कामरान (27) को लुक-आउट सर्कुलर जारी होने के बाद आईजीआई हवाई अड्डे से हिरासत में लिया गया और बाद में एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह की चल रही जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि यह मामला एक बड़े गिरोह से संबंधित है, जिसे कथित तौर पर भगोड़े आरोपी शाहबाज अंसारी द्वारा संचालित किया जा रहा था और इसके संबंध कई देशों तक फैले हुए हैं। हालिया गिरफ्तारियों के साथ, अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इस मामले में विदेश में निर्मित 23 अत्याधुनिक आग्नेयास्त्रों के साथ-साथ 211 कारतूस बरामद किए गए हैं।
नेपाल के रास्ते हथियार सप्लाई, नेटवर्क का खुलासा
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने नेपाल के रास्ते भेजे गए अवैध हथियारों की खेप प्राप्त करने और उन्हें दिल्ली-एनसीआर और देश के अन्य हिस्सों में आपराधिक नेटवर्क को उनकी आपूर्ति करने में अपनी भूमिका का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे पकड़े जाने से बचने के लिए हथियारों को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर ले जाते थे और बाद में वितरण से पहले उन्हें फिर से जोड़ देते थे। उनकी सूचना पर पुलिस ने दो बंदूक और 11 कारतूस बरामद किए।
यह भी पढे़: हैदराबाद : 250 ग्राम गांजे के साथ युवक गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक कार भी जब्त की गई, जिसमें हथियारों को छुपाने के लिए खास स्थान बनाए गए थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह खरीद, पारगमन और वितरण माध्यमों से जुड़े एक सुनियोजित सीमा पार नेटवर्क के तहत काम करता है, और हथियारों की तस्करी से प्राप्त धन का इस्तेमाल कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों को समर्थन देने के लिए किया जाता था। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



