दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन संकल्प के तहत अनेक अपराधियों को किया गिरफ्तार

नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने दिसंबर में ऑपरेशन संकल्प के तहत मध्य दिल्ली में झपटमारी, लूट, साइबर धोखाधड़ी और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में कथित तौर पर शामिल अनेक अपराधियों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने शनिवार को बताया कि एक से 31 दिसंबर के बीच चलाए गए इस अभियान के परिणामस्वरूप लूट, झपटमारी, सेंधमारी, ऑटो-चोरी, जुआ, साइबर धोखाधड़ी और शस्त्र अधिनियम तथा स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कई गिरफ्तारियां की गईं। उन्होंने कहा कि इस दौरान पुलिस ने झपटमारी के 19 मामलों को सुलझाया और 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इस दौरान 127 मोबाइल फोन, अपराध में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो रिक्शा, तीन मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और 2,000 रुपये नकद बरामद किए गए। अधिकारी ने बताया कि डकैती के सात मामलों को सुलझाते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया और एक पर्स, आधार कार्ड तथा 3,770 रुपये नकद बरामद किए गए। चोरी व अन्य प्रकार की लूट के मामलों में पुलिस ने 36 मामले दर्ज किए और 25 लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने 19 मोबाइल फोन, एक एसयूवी कार, एक स्कूटर और लगभग 33 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए। इसने कहा कि चोरी के नौ मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और चांदी की चूड़ियां, अंगूठियां तथा एक कंगन बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई में वाहन चोरी के 19 मामले भी शामिल थे, जिनमें सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और दो स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई। इसने बताया कि हत्या के प्रयास के चार मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और अपराध में इस्तेमाल किए गए चाकू व एक टूटी बोतल जब्त की गई।

शस्त्र मामलों में 85 आरोपियों को गिरफ्तार किया

पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराध पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप साइबर धोखाधड़ी के 36 मामलों में 85 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसने बताया कि बरामदगी में 534 मोबाइल फोन, नकदी, 124 मदरबोर्ड, 138 मोबाइल बैटरी और मेड इन वियतनाम मुद्रित 459 नकली आईएमईआई स्टिकर के साथ-साथ धोखाधड़ी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य शामिल हैं।

शस्त्र अधिनियम के तहत सात मामलों में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिसके परिणामस्वरूप पिस्तौल, कारतूस और चाकू जब्त किए गए। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत 10 घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button