दिल्ली : आजादपुर में डीएमआरसी डिपो में केबल चोरी के आरोप में तीन गिरफ्तार
नयी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली के आजादपुर में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) डिपो से केबल और अन्य उपकरण चोरी करने के आरोप में एक कबाड़ व्यापारी और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस की मेट्रो इकाई के अनुसार, चोरी का पता 26 फरवरी को तब चला जब केंद्रीय ओद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) कर्मियों ने सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से उच्च सुरक्षा वाले डिपो परिसर के अंदर एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा और स्थानीय पुलिस को सतर्क किया। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सत्यापन के दौरान एक टीम ने पाया कि डिपो के आवास ब्लॉक से लगभग 100 मीटर सिग्नलिंग केबल, 60 मीटर मशीन केबल, चेक प्लेट और एक पानी का मीटर चोरी हो गया था।’’
आजादपुर मेट्रो थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने सबसे पहले अली अहमद (25) और सनवर (24) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि इन दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के बाद कबाड़ व्यापारी बकसूद हुसैन (66) को चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। (भाषा)
यह भी पढ़े: देहरादून में सुनील राठी गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



