दिल्ली की हवा जहरीली, बुधवार तक बेहद खराब श्रेणी में रह सकता है एक्यूआई
नई दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही और समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 391 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ो में यह जानकारी दी गई। दिल्ली के 19 निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि शेष 19 केंद्रों में एक्यूआई 300 दर्ज हुआ, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।
दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता बुलेटिन के अनुसार, सोमवार से बुधवार तक दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी रह सकती है। सीपीसीबी मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 को गंभीर माना जाता है।
यह भी पढ़े : अक्तूबर में दिल्ली भारत का सबसे प्रदूषित शहर रहा : रिपोर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम साढ़े पांच बजे आर्द्रता का स्तर 68 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमशः 25 और 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



