दिल्ली का न्यूनतम तापमान बढ़कर 4.3 डिग्री सेल्सियस हुआ

नयी दिल्ली, दिल्ली के लोगों को पांच दिन तक शीतलहर चलने के बाद बेहद ठिठुरन वाली ठंड से शुक्रवार को थोड़ी राहत मिली और शहर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो एक दिन पहले की तुलना में करीब दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालांकि, तापमान सामान्य से काफी नीचे बना रहा।

सफदरजंग केंद्र पर न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम है। पालम में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि लोधी रोड पर यह 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम है।

दिल्ली में ठंड और धुंध, वायु गुणवत्ता बनी ‘बहुत खराब’

रिज केंद्र पर अपेक्षाकृत अधिक न्यूनतम तापमान (छह डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया लेकिन यह भी सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा और आयानगर में यह 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अधिकतम तापमान के करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बृहस्पतिवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 2023 के बाद जनवरी का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। पालम में बुधवार को न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 2010 के बाद वहां का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही।

समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 348 रहा। वायु गुणवत्ता 33 केंद्रों पर ‘बहुत खराब’, चार केंद्रों पर ‘खराब’ और एक केंद्र पर ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई। पूसा में सबसे खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की गई जहां एक्यूआई 403 रहा। एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button