तेलंगाना में बढ़ी प्रीमियम डिस्प्ले समाधानों की माँग : बेनक्यू
हैदराबाद, डिस्प्ले तकनीक और समाधानों की वैश्विक कंपनी बेनक्यू ने दावा किया कि तेलंगाना में प्रीमियम डिस्पले समाधानों की माँग तेज़ी से बढ़ी है। विशेषकर एलसीडी मॉनिटर की रिटेल बिक्री में 27 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गयी। होटल मरक्यूर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बैनक्यू के प्रबंध निदेशक राजीव सिंह ने कहा कि भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल तेलंगाना देश के सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 5 प्रतिशत का योगदान देता है।

यहाँ प्रति व्यक्ति आय करीब 4.85 लाख रुपये है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है। इसी कारण यह राज्य प्रीमियम तकनीकी उत्पादों के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बनकर उभर रहा है। उन्होंने बताया कि बेनक्यू की कुल एलसीडी मॉनिटर रिटेल बिक्री में तेलंगाना का योगदान लगभग 8 प्रतिशत है और इस वर्ष 27 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है। दक्षिण भारत क्षेत्र के प्रदर्शन में राज्य की हिस्सेदारी 19 प्रतिशत है, जिससे यह कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण विकास केंद्र बन गया है। इस वृद्धि को राज्य में मौजूद 100 से अधिक चैनल पार्टनर्स और आठ समर्पित सर्विस सेंटरों का मजबूत नेटवर्क समर्थन दे रहा है।
यह भी पढ़ें… भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट की एपी सरकार के साथ साझेदारी
दक्षिण भारत बी2सी प्रॉजेक्टर कारोबार में 48% योगदान
राजीव सिंह ने बताया कि बी2सी प्रॉजेक्टर श्रेणी में दक्षिण भारत का योगदान कंपनी के कुल उपभोक्ता प्रॉजेक्टर कारोबार का 48 प्रतिशत है, जिसमें तेलंगाना का हिस्सा लगभग 16.3 प्रतिशत है। इससे प्रीमियम होम एंटरटेनमेंट समाधानों की बढ़ती माँग का संकेत मिलता है। कंपनी के इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल व्यवसाय में तेज़ वृद्धि देखी गई है। वर्षानुवर्ष इसमें 36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि तेलंगाना सरकार की स्मार्ट एजुकेशन पहल के तहत बेनक्यू ने राज्य में 8,700 से अधिक कक्षाओं में इंटरैक्टिव पैनल स्थापित किए हैं, जिससे तकनीक आधारित शिक्षण वातावरण को बढ़ावा मिला।
बेनक्यू के बिजनेस और शिक्षा प्रोजेक्टर सेगमेंट में भी तेलंगाना ने मजबूत प्रदर्शन किया है। इस क्षेत्र में प्रमुख संस्थागत ग्राहकों में नारायण स्कूल्स, श्रीचैतन्य स्कूल्स और गीतम डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना एक गतिशील और तेज़ी से विकसित होने वाला बाजार है, जहाँ आर्थिक प्रगति और तकनीक को तेजी से अपनाने की प्रवृत्ति दिखाई दे रही है। डिजिटल कक्षाओं से लेकर पेशेवर क्रिएटर्स और होम एंटरटेनमेंट उपयोगकर्ताओं तक, उच्च गुणवत्ता वाले डिस्प्ले समाधानों की मांग लगातार बढ़ रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



