मिलावटी सेन्धी के खिलाफ धूलपेट की आबकारी पुलिस सक्रिय
हैदराबाद, आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) व धूलपेट की आबकारी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मिलावटी सेन्धी के खिलाफ 3 मामले दर्ज किए। एसटीएफ के अधीक्षक एन. अंजी रेड्डी ने बताया कि धूलपेट आबकारी पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत मालाकुंटा इलाके में एक दोपहिया चालक को रोककर 70 लीटर मिलावटी सेन्धी जब्त की गई। इस मामले में, दोपहिया चालक मल्लप्पा को गिरफ्तार किया गया, जबकि एस. बस्वराज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

दूसरे मामले में, मंगलहाट के पास से बिना अनुमति के इकट्ठा की गई 247 लीटर सेन्धी के साथ बी. अनिल गौड़ को गिरफ्तार किया गया, जबकि रामचंद्रय्या के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। आबकारी पुलिस ने थोड़ी मात्रा में सैंपल के लिए सेन्धी सुरक्षित रखते हुए बाकी सेन्धी को नष्ट कर दिया।
तीसरे मामले में, गुडिमल्कापुर के हीरा नगर स्थित सेन्धी डिपो में छापेमारी करते हुए 382 लीटर मिलावटी सेन्धी को नष्ट किया गया। इस मामले में, गोदा राघवेंद्र गौड़ को गिरफ्तार करते हुए रामकृष्णा गौड़ के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। धूलपेट की आबकारी पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। अवसर छापेमारी में एसटीएफ के इंस्पेक्टर वेंकटेश्वरलू और नागराजू भी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



