परिवहन विभाग के उपायुक्त के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला
हैदराबाद, तेलंगाना एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने महबूबनगर के डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर किशन नायक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया। एसीबी की टीमों ने आज तड़के राज्य भर में अधिकारी के ठिकानों व रिश्तेदारों के घरों में छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार, एसीबी की कई टीमों ने सुबह-सुबह एक साथ दबिश देते हुए किशन नायक के महबूबनगर, रंगा रेड्डी और हैदराबाद स्थित ठिकानों पर तलाशी शुरू की। इसके अलावा उनके रिश्तेदारों, करीबी दोस्तों और कथित बेनामी व्यक्तियों के आवासों और अन्य परिसरों पर भी छापेमारी की जा रही है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर द्वारा अपनी ज्ञात आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित करने के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
इस दौरान, अचल और चल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों, लेन-देन और निवेश से संबंधित कागजात, कीमती वस्तुएं और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच चल रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभी जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जब्त संपत्तियों और नकदी का पूरा विवरण सामने आ पाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



