देश के महत्वपूर्ण शैक्षिक नवाचारों में एक दूरस्थ तथा मुक्त शिक्षा : प्रो.चक्रपाणि
इग्नू का 39 वां दीक्षांत समारोह आयोजित
हैदराबाद, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र हैदराबाद का 39 वां दीक्षांत समारोह नामपल्ली स्थित तेलंगाना मीडिया अकादमी में आयोजित किया गया। अवसर पर 2,815 डिग्री, डिप्लोमा और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डा. बी.आर. अंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. घंटा चक्रपाणि थे।



प्रो. घंटा चक्रपाणि ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि दूरस्थ तथा मुक्त शिक्षा पारंपरिक शिक्षा का विकल्प नहीं है, वरन यह हमारी उच्च शिक्षा प्रणाली का एक अनिवार्य और समान स्तंभ है। यह आजीवन सीखने, कौशल विकास और समावेशी विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। अनेक मायनों में यह शिक्षा की लोकतांत्रिक भावना का प्रतिनिधित्व करती है। भारत के सबसे महत्वपूर्ण शैक्षिक नवाचारों में से एक है।
इसने लाखों लोगों विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वालों, वंचित समुदायों कामकाजी पेशेवरों, महिलाओं और दिव्यांग शिक्षार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के द्वार खोल दिए हैं। भारत जैसे देश में जहां उच्च शिक्षा तक पहुंच बढ़ाना एक राष्ट्रीय प्राथमिकता है, दूरस्थ तथा मुक्त शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। सकल नामांकन अनुपात में सुधार के प्रयासों के बीच यह स्पष्ट है कि ओपीडी प्रणाली को विस्तारित किए बिना यह लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें… जर्मनी में रोजगार प्राप्त करने सुनियोजित मार्ग बनाने की पर चर्चा
डॉ.राजू बोला ने पेश की क्षेत्रीय केंद्र की वार्षिक रिपोर्ट
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र हैदराबाद के निदेशक डा.राजू बोला ने केंद्र की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्ष 2025-26 के दौरान हासिल की गई कुछ प्रमुख उपलब्धियों और पहलों पर प्रकाश डाला। जनवरी 2025 और जुलाई 2025 के प्रवेश सत्रों के दौरान क्षेत्रीय केंद्र हैदराबाद ने 11,715 छात्रों का नामांकन हासिल किया। यह सफलता क्षेत्रीय केंद्र के शिक्षाविदों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, समन्वयकों और स्थानीय शिक्षा केंद्र के पदाधिकारियों के सहयोग का प्रतीक है।
क्षेत्रीय केंद्र स्वयं प्रभा चैनल 18 के माध्यम से तेलुगु में चैनल-आधारित परामर्श सत्र सक्रिय रूप से आयोजित कर रहा है, और स्नातक कार्यक्रमों की स्व-अध्ययन सामग्री का तेलुगु भाषा में अनुवाद करने के प्रयास जारी हैं। डा.राजू बोला ने हैदराबाद केंद्र के 2,815 शिक्षार्थियों पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यहां से प्राप्त ज्ञान और योग्यताएं समाज और राष्ट्रीय विकास में सार्थक योगदान देने में उन्हें सक्षम बनाएंगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष हमारे क्षेत्रीय केंद्र के दो छात्रों को स्वर्ण पदक प्राप्त हुए थे, और इस वर्ष चार छात्रों ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए हैं।
उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह नई दिल्ली स्थित विश्वविद्यालय के मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रीय केंद्रों पर भी समारोह आयोजित किया गया। अवसर पर विविध पाठ्यक्रमों के सफल छात्रों को 2,99,092 डिग्री, डिप्लोमा आदि के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



