क्या आपने अपने घर में किताबों के लिए कोई जगह निर्धारित की है?

भले ही ई-बुक्स आज की तारीख में पढ़ने का बेहद सुविधाजनक और लोकप्रिय माध्यम है, इसके बावजूद हमसे से कई लोगों की यह ख्वाहिश होती है कि उनके घर में पढ़ने का अलग कमरा या कोना हो जहां पढ़ने के लिए कुछ किताबें रखी जा सकें और उन किताबों को बैठकर पढ़ने के लिए आरामदायक सिटिंग अरजमेंट हो। घर में किताबों के लिए एक कोना होना हमारे बौद्धिक होने का सूचक तो है ही।

एस्थेटिक्स और घर की साज-सज्जा के नजरिये से कैसे हम घर में किताबों के लिए स्थान निर्धारित कर सकते हैं, आइए जानें-

इन दिनों घर के भीतर से ऊपर जाने वाली सीढ़ी के खाली स्थान को बेहतर तरीके से इस्तेमाल में लाये जाने का ट्रेंड है। इस स्थान को अपने पढ़ने के स्पेस के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए वहाँ बुक शेल्फ बनवा सकते हैं। अगर वहाँ जगह ज्यादा है तो बैठने के लिए आरामदायक सीटिंग अरेंजमेंट भी कर सकते हैं। बुक शेल्फ ऐसी हो कि जिसमें किताबों के अलावा और दूसरी चीजों को भी रखा जा सके। पढ़ने के कोने पर तेज रोशनी वाला लैंप रखें और इस तरह आप अपने घर में पढ़ने के लिए एक कोना तैयार कर सकते हैं।

यदि किताबों को सजाकर रखने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है तो पुलआउट बुक शेल्फ बना सकते हैं। यदि दराजें बनवाते हैं तो उनमें कुछ ऐसी एक्सक्लूसिव और कीमती किताबें भी रख सकते हैं, जिन्हें आप नहीं चाहते कि दूसरे लोग देखें। अगर घर में कहीं खाली जगह न हो तो आप अपने लिविंग रूम में भी एक रैक लगवाकर अलग से पढ़ने के लिए जगह बना सकते हैं। स्पेस अगर कम है तो अपनी वार्डरोब के पास जहां बैग या जूतों के लिए स्थान है, उससे थोड़ा दूर हटकर आप बंद होने वाली ऐसी दराजें बनवा सकते हैं, जिनमें किताबों को भीतर रखा जा सके।

कम जगह में किताबों को सजाने के स्मार्ट तरीके

जिस दौरान आप पढ़ाई न कर रहे हों, उस दौरान उन किताबों की वजह से न तो स्पेस ज्यादा घिरे और न ही आपके लिविंग रूम में आने-जाने में कोई बाधा पैदा हो। ड्राइंग रूम में एक बड़ी खिड़की या बेडरूम की खिड़की का इस्तेमाल भी किताबों के रखने के लिए किया जा सकता है। इसके लिए कारपेंटर से विंडो के नीचे की जगह पर कबर्ड्स बनवायी जा सकती हैं। जहां बिस्तर पर बैठकर आप पढ़ सकते हैं। उस विंडो से आपको सूरज की धूप और दिन के समय प्राकृतिक लाइट तो मिलती ही है, इससे आपको पढ़ने के लिए लैंप की जरूरत नहीं पड़ेगी।

किताबों को रखने के लिए भले ही आपको घर में छोटा-सा कोना मिले, आप उन किताबों को कलात्मक तरीके से सजाकर इस तरह रख सकती हैं कि बाहर से दिखने पर वह विजिबल भी हों। ड्राइंग रूम के ही किसी कोने में जमीन पर कुशन्स और एक गद्दा डालकर आप पढ़ने के लिए एक कोना बना सकते हैं। बस जरूरत है, स्पेस को वैज्ञानिक तरीके से सजाने-संवारने की। घर में अगर एक बड़ा कमरा है तो उसमें भी एक कोना पढ़ने का स्पेस के लिए निर्धारित किया जा सकता है। बस जरूरत है थोड़े से लकड़ी के वॉल के साथ स्लैब बनाकर उन पर किताबें रखने की। बस, पढ़ने के लिए जहां प्रकाश की सही व्यवस्था हो और आसपास बैठने के लिए कोई कोना। इस तरह आप घर के किसी भी कोने में पढ़ने के लिए स्पेस निकाल सकते हैं, बस जरूरत है पढ़ने के शौक और इच्छाशक्ति की।

इस पर भी गौर फरमाएँ

किताबों को सजाने के लिए कैबिनेट में डिसप्ले के लिए पढ़ने-लिखने से संबंधित दूसरी चीजें भी सजायी जा सकती हैं। काफी टेबल बुक्स और आपके फैवरेट नोवेल्स को डाइनिंग रूम में भी जगह दे सकते हैं। इनके साथ फोटोज, प्लांट्स या दूसरी तरह के शो पीस सजाए जा सकते हैं। दीवार के पीछे अगर जगह है तो उस सूने कोने को भी बुक शेल्फ से सजाया जा सकता है। बस जरूरत है, दीवार में एक या दो शेल्फ को इंस्टॉल करने की।

यह भी पढे़: गुलदस्ते की जगह कलम और किताब करें भेंट : हरिचंदना

घर में अगर बुक्स के लिए पूरा कमरा ही है तो उनमें दीवारों में ऊपर तक कैबिनेट बनवा सकते हैं। ऊपर बंद दराजों वाली अलमारियां बनवाएं, जिनके भीतर ऐसी किताबें रखें जो कीमती हैं और जिनका इस्तेमाल आप कभी-कभी करते हैं। अगर घर छोटा है तो बड़े कमरे को डिवाइड करने के लिए बीच में एक बुक शेल्फ बनवायी जा सकती है। इस तरह से आप लिविंग रूम और पढ़ने के एरिया को अलग-अलग रखकर अपने पढ़ने और किताबों को इकट्ठा करने का शौक पूरा कर सकते हैं।

-अनु आर.

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button