अग्रसेन जयंती की पूर्व संध्या पर 101 दीप प्रज्ज्वलित करेगी दोमलगुड़ा शाखा

हैदराबाद, अग्रवाल समाज तेलंगाना की दोमलगुड़ा शाखा की कार्यकारिणी सभा शाखा द्वारा संचालित अग्रवाल हेल्थ क्लीनिक परिसर में संपन्न हुई। महाराजा अग्रसेनजी की पूजा अर्चना के पश्चात अध्यक्ष डॉ दिलीप पंसारी ने उपस्थित जनों का स्वागत और अभिनंदन किया।

शाखा के सचिव प्रतीक अग्रवाल ने पिछली कार्यकारिणी सभा की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद गत दिनों में आयोजित गतिविधियों तथा सेवा कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया, जिसमें मुख्यत 13 जुलाई को संपन्न क्लीनिक की 22 वर्षगांठ, 23 जुलाई और 24 अगस्त को अग्रसेवा के अंतर्गत अन्न प्रसादम और 14 सितंबर के दिन शाखा के मासिक मेल मिलाप का विवरण प्रस्तुत किया।

यह भी पढ़ें… मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की साधारण सभा सम्पन्न

अग्रवाल शाखा के कार्यक्रम और सदस्यता अभियान निर्णय

शाखा के कोषाध्यक्ष और सावन की सैर कार्यक्रम के प्रधान संयोजक रोशनलाल मित्तल ने 1 से 4 अगस्त तक संपन्न लोनावाला यात्रा का विवरण और महिला समिति की संयोजिका रश्मि अग्रवाल ने जन्माष्टमी के अवसर पर लड्डू गोपाल किटी पार्टी का विवरण प्रस्तुत किया। सभा में लिए गए निर्णय के अनुसार, इस वर्ष महाराजा अग्रसेन जयंती के दिन रविवार 21 सितंबर को सुबह 11:31 बजे अग्रवाल हेल्थ क्लीनिक के प्रांगण में महाराजा श्री की पूजा अर्चना के पश्चात अन्न प्रसाद का आयोजन होगा।

इसके अलावा शाम में शाखा की महिला समिति की तरफ से अग्रवाल हेल्थ क्लीनिक परिसर के बाहर महाराज श्री अग्रसेनजी की तस्वीर के समक्ष 101 द्वीप प्रज्वलित किए जाएंगे। 9 नवंबर को शाखा द्वारा हर्ष वर्ष की तरह दिवाली मिलन और अन्नकूट का आयोजन होगा। इसके प्रधान संयोजक शाखा के उपाध्यक्ष योगेश अग्रवाल होंगे। सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि समाज की केंद्रीय समिति के दिशा निर्देशों के अंतर्गत शाखा में नए सदस्यों में बढ़ोत्तरी के साथ ही वर्तमान सदस्यों के परिजनों को भी सदस्य बनाया जाएगा।

यह भी निर्णय लिया गया कि समाज द्वारा प्रस्तावित सदस्यता अभियान के प्रति शाखा द्वारा एक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। सह मंत्री विजय कुंछल ने धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। सभा में शाखा के परामर्शदाता गिरधारी लाल अग्रवाल और ओमप्रकाश पंसारी, पूर्व अध्यक्ष गिरधारी लाल गुप्त और विजय जिंदल, केएस सदस्य प्रदीप अग्रवाल, अनिल गर्ग, रितेश झुंझुनूंवाला, विकास अग्रवाल व राजेश अग्रवाल उपस्थित थे।

Exit mobile version