एमएमसी आयुक्त ने मच्छर निवारण के लिए माँगा जन सहयोग
हैदराबाद, मल्काजगिरी नगर निगम आयुक्त विनय कृष्णा रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जलजमाव के कारण उत्पन्न हो रही मच्छरों की समस्या के निवारण हेतु कड़े कदम उठाए जाएँ। उन्होंने इसके लिए जन सहयोग की भी अपील की।एमएमसी आयुक्त ने नागोल एक्स रोड क्षेत्र के अंतर्गत मंसूराबाद वार्ड कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान आयुक्त ने क्षेत्र में स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने उपायुक्त और एमएमसी कर्मचारियों के साथ बैठक कर मौजूदा परिस्थितियों का आकलन किया।
आयुक्त ने वर्षा जल जमाव के कारण बढ़ रही मच्छरों की समस्या पर ध्यान देते हुए लार्वा नियंत्रण उपायों को अत्यंत प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहाँ पानी जमा हो रहा है, उन स्थानों की पहचान कर वहाँ लार्विसाइड का उपयोग किया जाए, जिससे मच्छरों की वृद्धि को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके। स्प्रे (फॉगिंग) गतिविधियों को और अधिक विस्तार देने, आवश्यक उपकरण और स्टाफ बढ़ाने तथा कॉलोनियों, स्लम क्षेत्रों और पानी जमा होने वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें… बीआरएस विधायक ने मच्छरदानी पहनकर किया प्रेस को सम्बोधित
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक वार्ड स्तर पर निगरानी को सख्त कर नियमित रूप से रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा एमएमसी का प्रमुख लक्ष्य है। स्वच्छता कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन से ही बीमारियों के प्रसार को रोका जा सकता है। इस दिशा में उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए घर के आसपास पानी जमा न हो, इसके लिए उचित कदम उठाने का सुझाव दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



