डोनाल्ड ट्रंप ने शुरू किया गोल्ड कार्ड वीजा प्रोग्राम

अमेरिका , अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को अपने लंबे समय से चर्चा में रहे “गोल्ड कार्ड” कार्यक्रम की आधिकारिक शुरुआत कर दी। इस नई योजना के तहत विदेशी नागरिक 1 मिलियन डॉलर (वर्तमान एक्सचेंज रेट के मुताबिक 8,97,93,350 रुपये) देकर अमेरिका में कानूनी दर्जा और आगे चलकर नागरिकता का रास्ता पा सकेंगे। वहीं, किसी विदेशी कर्मचारी को भर्ती करने वाली कंपनियों को प्रति कर्मचारी 2 मिलियन डॉलर देने होंगे। ट्रम्प ने व्हाइट हाउस के रूजवेल्ट रूम में बिजनेस लीडर्स के बीच इस योजना का अनावरण किया। इसी दौरान एक वेबसाइट भी लाइव हुई, जहां आवेदन जमा किए जा सकेंगे।

EB-5 वीजा का नया रूप

यह कार्यक्रम पुराने EB-5 वीजा की जगह लेगा। EB-5 वीजा 1990 में शुरू किया गया था, जिसके तहत विदेशी व्यक्ति अमेरिका में करीब 1 मिलियन डॉलर का निवेश करके और कम से कम 10 लोगों को रोजगार देकर ग्रीन कार्ड प्राप्त कर सकते थे। ट्रंप के मुताबिक नया गोल्ड कार्ड कार्यक्रम EB-5 से काफी बेहतर और शक्तिशाली होगा। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली न केवल देश में शीर्ष प्रतिभाओं को लाएगी, बल्कि अमेरिकी सरकार के लिए बड़ी आर्थिक आय भी पैदा करेगी।

सरकार को मिलेगा पूरा पैसा

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि इस प्रोग्राम से आने वाला पूरा पैसा अमेरिकी सरकार के खाते में जाएगा। उनका अनुमान है कि आने वाले समय में इस योजना से“अरबों डॉलर की आय हो सकती है, जिसे ट्रेजरी डिपार्टमेंट एक विशेष खाते में रखेगा और देश के लिए सकारात्मक कामों में खर्च करेगा।

ग्रीन कार्ड से बेहतर- ट्रंप

ट्रंप ने गोल्ड कार्ड को एक तरह का उन्नत ग्रीन कार्ड बताया। उनके अनुसार यह कार्ड धारकों को स्थायी निवास के साथ-साथ नागरिकता पाने का मजबूत रास्ता देगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिजनेस लीडर्स की शिकायतें सुनने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। उनका कहना था कि कई कंपनियां अमेरिका के बेहतरीन विश्वविद्यालयों से निकलने वाले विदेशी छात्रों को नौकरी देना चाहती हैं, लेकिन उनके वीजा और रहने की अनुमति को लेकर असमंजस बना रहता है। गोल्ड कार्ड स्कीम इस समस्या को हल कर सकती है।

कड़ी जांच और महंगा आवेदन

कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुटनिक के अनुसार प्रत्येक आवेदन की जांच प्रक्रिया बेहद कठोर होगी। हर आवेदक की पृष्ठभूमि की पड़ताल के लिए 15,000 डॉलर अलग से लिए जाएंगे। कंपनियां कई कार्डों के लिए आवेदन कर सकती हैं, लेकिन प्रत्येक कार्ड केवल एक व्यक्ति के लिए होगा। लुटनिक ने यह भी दावा किया कि वर्तमान ग्रीन कार्ड धारकों की औसत आय एक आम अमेरिकी से कम होती है और ट्रंप इसे बदलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अब वही वीजा होंगे लेकिन सिर्फ सबसे बेहतरीन लोगों के लिए।

आलोचना और ट्रम्प की विचारधारा में विरोधाभास

ट्रंप अपने राजनीतिक करियर में हमेशा कड़े इमिग्रेशन कानूनों के पैरोकार रहे हैं। उन्होंने मैक्सिको सीमा पर नियंत्रण सख्त करने और गैरकानूनी प्रवासियों के खिलाफ बड़े अभियान चलाए। उनके दूसरे कार्यकाल के शुरुआती महीनों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई, जिसका असर लॉस एंजेलिस और शार्लोट जैसे शहरों पर दिखा। लेकिन अब उसी ट्रम्प को उनकी MAGA यानी मेक अमेरिका ग्रेट अगेन आंदोलन के कुछ समर्थक आलोचना कर रहे हैं। उनका कहना है कि ट्रंप कुशल विदेशी कर्मियों को अमेरिका लाने के पक्ष में बोलकर अपने ही विचारों से पीछे हट रहे हैं। गोल्ड कार्ड योजना भी इसी बहस को बढ़ा रही है।

दुनिया के कई देशों में पहले से ऐसे ‘गोल्डन वीजा’

निवेशक आधारित वीजा दुनिया के कई देशों में सामान्य हैं। ब्रिटेन, स्पेन, ग्रीस, माल्टा, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और इटली जैसे देश लंबे समय से ऐसे कार्यक्रम चला रहे हैं, जिनमें धनी व्यक्तियों को निवेश के बदले निवास मिलता है। अब अमेरिका भी उसी दिशा में एक बड़ा और महंगा कार्यक्रम लेकर आया है।

कौन लोग होंगे मुख्य लाभार्थी?

ट्रंप ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत अमेरिका को बेहतरीन लोग मिलेंगे। उन्होंने कहा कि चीन, भारत और फ्रांस सहित दुनिया के कई देशों के टॉप विश्वविद्यालयों से पढ़े विदेशी छात्र इस योजना का हिस्सा हो सकते हैं। उनका मानना है कि नई व्यवस्था के चलते कंपनियों को विश्वस्तरीय कर्मचारी मिलेंगे और वे बेहद खुश होंगी।

अमेरिका में प्रतिभा और धन खींचने की कोशिश

गोल्ड कार्ड कार्यक्रम का मूल उद्देश्य दोहरा है। पहला, अमेरिकी अर्थव्यवस्था में बड़े पैमाने पर धन लाना। दूसरा, दुनिया की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को अमेरिका में स्थायी रूप से बसने का मौका देना। हालांकि इस योजना की आलोचना भी हो रही है, लेकिन ट्रंप यह दावा कर रहे हैं कि अमेरिका इससे अविश्वसनीय रूप से प्रतिभाशाली और सफल लोग आकर्षित करेगा, जो देश के लिए बड़ा लाभ साबित होंगे। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button