खुद को पार्टी से ऊपर न समझें : बंडी संजय
हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने कहा कि भाजपा वर्ष 2028 में राज्य की सत्ता प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।
बंडी संजय के साथ मिलकर करीमनगर महापौर व उप-महापौर समेत नवनिर्वाचित पार्षदों ने चारमीनार स्थित ऐतिहासिक श्री भाग्यलक्ष्मी मंदिर में विशेष पूजा की। इसके बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव के सहयोग से करीमनगर मेयर पद के साथ भैंसा और नारायणपेट नगरपालिकाओं के चेयरमैन पद पर पार्टी को सफलता मिली। उन्होंने कहा कि पहले करीमनगर में भाजपा के केवल दो पार्षद थे, आज कार्यकर्ताओं की मेहनत से मेयर का सपना साकार हुआ।
पार्टी से ऊपर खुद को समझने वालों को दी कड़ी चेतावनी
बंडी संजय ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जनता, पार्टी संगठन से जुड़े रहने का निर्देश देते हुए कहा कि बी-फॉर्म से ही हम जीते हैं, इसलिए व्यक्ति नहीं, पार्टी सर्वोपरि है। बीजेपी कार्यालय हर कार्यकर्ता के लिए मंदिर समान है, जो नेता पार्टी से ऊपर खुद को समझते हैं, वे समय के साथ राजनीति से गायब हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि करीमनगर में कांग्रेस, बीआरएस व मजलिस मिलकर मेयर बनाने की साजिश रच रही थीं, लेकिन उनके मंसूबों पर पानी फिर गया। उन्होंने कहा कि इन दलों की कोशिशों के बावजूद भाजपा की रणनीति सफल रही और कुछ बीआरएस पार्षदों ने तटस्थ रहकर अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग किया।
बंडी संजय ने रेवंत रेड्डी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा भाजपा को मेयर पद तक पहुँचने से रोकने के प्रयास हुए, लेकिन जनता के समर्थन से पार्टी विजयी रही। उन्होंने कहा कि बीआरएस का जनाधार लगभग समाप्त हो चुका है तथा अब वह डूबती नाव बन चुकी है। उन्होंने यह दावा किया कि कई जगहों पर कांग्रेस विधायकों में असंतोष बढ़ रहा है, जिससे सरकार की स्थिरता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक रूप से चुनी सरकार के गिरने की कामना नहीं करती, बल्कि जनता के हित में पारदर्शी शासन चाहती है।
जीएचएमसी चुनाव पर फोकस
बंडी संजय ने कहा कि भाजपा करीमनगर की जीत से उत्साहित है, पार्टी जीएचएमसी चुनावों पर ध्यान केंद्रित करते हुए मेयर पद हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी को राजनीतिक लाभ पहुँचाने के लिए हैदराबाद की प्रशासनिक संरचना बदलने की कोशिशें हो रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नवनिर्वाचित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। भाग्यलक्ष्मी मंदिर प्रबंधन द्वारा नेताओं का स्वागत किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



