500 की नोट पर फैला संशय
नई दिल्ली, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया गया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सभी बैंकों को 30 सितंबर 2025 तक एटीएम के ज़रिए 500 रुपये के नोट जारी करना बंद करने का निर्देश दिया है। पोस्ट में आगे दावा किया गया है कि आगे चलकर एटीएम से स़िर्फ 200 और 100 रुपये के नोट ही निकलेंगे। हालाँकि तथ्य यह है कि आरबीआई ने सभी बैंकों को 30 सितंबर 2025 तक एटीएम के ज़रिए 500 रुपये के नोट जारी करना बंद करने का निर्देश नहीं दिया है।
इसके बजाय इसने बैंकों और एटीएम ऑपरेटरों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि 30 सितंबर 2025 तक सभी एटीएम में से 75 प्रतिशत एटीएम से 100 या 200 रुपये के नोट जारी किए जाएँ और 31 मार्च 2026 तक 90 प्रतिशत एटीएम से 100 या 200 रुपये के नोट जारी किए जाएँ। आरबीआई ने इस बात पर ज़ोर दिया कि इस कदम का उद्देश्य आम तौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले नोटों तक लोगों की पहुँच को बेहतर बनाना है, जिनकी रोज़ाना के लेन-देन में क़ाफी मांग है।
यह भी पढ़ें… सीतारमण का DRI को निर्देश: तस्करी सरगनाओं पर हो कार्रवाई
इसलिए पोस्ट में किया गया दावा भ्रामक है। आरबीआई ने 28 अप्रैल 2025 को एक सर्कुलर जारी किया, जिसमें बैंकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि एटीएम से 100 या 200 रुपये के नोट भी जारी किए जाएँ, ताकि जनता को इन करेंसी नोटों की उपलब्धता बढ़ाई जा सके। बैंकों और एटीएम ऑपरेटरों को इस निर्देश को चरणबद्ध तरीके से लागू करने के लिए कहा गया।(एजेंसियाँ)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



