सेवानिवृत्ति परेड के दौरान भावुक हुए डॉ. जितेन्द्र
हैदराबाद, तेलंगाना के पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ. जितेन्द्र उनके विदाई समारोह के तहत तेलंगाना पुलिस अकादमी में आयोजित परेड के दौरान अपने माता-पिता को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने परेड की सलामी लेने के बाद अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा के चलते वे लम्बे समय तक अपने परिवार से दूर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया। उन्होंने कहा कि जब कभी भी वे अपने माता-पिता को याद करते हैं, तो उन्हें उनसे दूर रहने का दर्द सताता है।

गौरतलब है कि डॉ. जितेन्द्र आज तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और उनके स्थान पर शिवधर रेड्डी को पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। परेड को संबोधित करते हुए डॉ. जितेन्द्र ने कहा कि सेवाकाल के दौरान वे हमेशा पीड़ितों के पक्ष में रहे और जनकेंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और उनकी सरकार के प्रति आभार जताया और कहा कि तेलंगाना सरकार ने साइबर अपराध और गांजा व ड्रग्स के खिलाफ काफी कड़े कदम उठाए हैं।
ड्रग्स व साइबर अपराध पर कार्रवाई में तकनीकी बढ़त
डॉ. जितेन्द्र ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को सशक्त करने के लिए खाली पदों पर नियुक्तियाँ की जाती हैं। हालाँकि व्यवस्था तभी सशक्त होती है, जब पुलिस अधिकारी व पुलिसकर्मी कर्त्तव्य निष्ठा के साथ और मानवीय दृष्टिकोण से अपनी सेवाओं को अंजाम देते हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने सेवाकाल के दौरान निरंतर 24 घंटे आम जनता के लिए और राज्य की सुरक्षा के लिए उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि पिछले पाँच वर्षों से तेलंगाना पुलिस कानून व्यवस्था को बनाए रखने में काफी सफल रही। सरकार ने भी पुलिस व्यवस्था को सशक्त करने के लिए उसे अत्याधुनिक तकनीकियों से लैस करते हुए निधियाँ जारी की हैं।
यह भी पढ़े: नागरिक केंद्रित पुलिसिंग को दी जाए प्राथमिकता : डॉ. जितेन्द्र

डॉ. जितेन्द्र ने कहा कि तेलंगाना के पुलिस अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने अपने कार्यों के माध्यम से तेलंगाना पुलिस विभाग को देश भर में अव्वल बनाया है और इसकी केंद्र सरकार ने पुष्टि भी की है। उन्होंने तेलंगाना पुलिस द्वारा गांजा तस्कर, ड्रग्स तस्करी और साइबर अपराध के खिलाफ किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। तकनीकी रूप से आपराधिक मामलों को सुलझाने में भी तेलंगाना पुलिस देश भर में अव्वल बनी हुई है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से इस स्फूर्ति को निरंतर बनाए रखने की आवश्यकता जताई। इस कार्यक्रम में नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक शिवधर रेड्डी, नवनियुक्त हैदराबाद पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



