डॉ. राममनोहर लोहिया चैतन्यता एवं कौशल विकास केंद्र के लिए किया गया भूमि पूजन
हैदराबाद, झारखंड के पूर्वी सिंहभूम ज़िला स्थित बहरागोडा में समाजवादी चिंतक एवं राजनेता डॉ. राममनोहर लोहिया की 111वीं जयंती पर डॉ. राममनोहर लोहिया चैतन्यता एवं कौशल विकास केंद्र का भूमि पूजन व शिलान्यास किया गया। यह केंद्र आस-पास के अंचलों के युवाओं और महिलाओं को स्वावलम्बी तथा उन्हें आधुनिक कौशल से सशक्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के श्रम नियोजन, प्रशिक्षण व कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए। यह केंद्र युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ेगा और उनके हुनर को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि कौशल विकास ही समृद्ध और आत्मनिर्भर समाज की नींव है। उन्होंने इस केंद्र की आधारशिला रखे जाने पर शुभकामनाएँ देते हुए सरकार की ओर से हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें… केंद्रीय निधियों को लेकर कांग्रेस व भाजपा के बीच तीखी बहस
केंद्र युवाओं के लिए गेम चेंजर, बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्र भक्तों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। विधायक समीर मोहंती ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र युवाओं के लिए गेम चेंजर साबित होगा और उन्हें कौशल प्रशिक्षण के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। इस केंद्र के जरिए आधुनिक तकनीकी, रोजगारपरक प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। यह केंद्र क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति देगा।
पूर्व न्यायाधीश एवं लोहिया विचार मंच के अध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह ने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि आज का दिन डॉ. राममनोहर लोहिया और बदरी विशाल पित्ती के सपनों को साकार करने में ऐतिहासिक है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुणाल षडंगी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश कुमार षडंगी, महाराजा मयूर भंज, पूर्व मंत्री प्रवीण चंद भंज देव, ऋषिकेश से अव्यक्त, सय्यद शाहनवाज कादरी, गोविंद अग्रवाल, रामचंद्र केसरी, संदीप मुरारका, रामबाबू अग्रवाल, सुरेन्द्र शर्मा, श्याम कुमार डे, रवीन्द्र चौबे, गौरव क्रांति गुरु, डॉ. बिनी षडंगी, मुकेश कुमार व अन्य उपस्थित थे। मंच का संचालन डॉ. राममनोहर लोहिया रिसर्च फाउंडेशन, दिल्ली के अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने किया। सचिव अभिजित कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



