हैदराबाद में ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई जारी, तीन अलग-अलग मामलों में 6 गिरफ्तार
हैदराबाद, नगर में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद किए। तीन मामलों में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश की जा रही है।
कोंडापुर-माधापुर में एमडीएमए बरामद
एसटीएफ के अधीक्षक एन. अंजी रेड्डी ने बताया कि कोंडापुर आबकारी थाना क्षेत्र के माधापुर इलाके में ड्रग्स बिक्री की सूचना पर एसटीएफ के एसआई बालराजू ने तलाशी अभियान चलाया, जिसमें लिखित नामक व्यक्ति के पास से 6.45 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने ड्रग्स बेंगलुरु निवासी अखिल से खरीदने की जानकारी दी। पुलिस ने सप्लायर के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
पेद्दाअंबरपेट में 5.45 ग्राम गांजा जब्त
एसटीएफ के अधीक्षक एन. अंजी रेड्डी ने बताया कि दूसरे मामले में पेद्दाअंबरपेट क्षेत्र के कुट्लूर इलाके में वंशी मोहन कुमार को गांजा बेचते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से 5.45 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने ओडिशा से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर बेचने का खुलासा किया, उसके पास से दोपहिया वाहन भी जब्त किय गया।

यह भी पढ़ें… संगारेड्डी एनएच-65 पर भीषण सड़क हादसा, 20 घायल
गांजे के साथ 4 गिरफ्तार
एन. अंजी रेड्डी ने बताया कि धूलपेट में छापेमारी के दौरान 5.56 किलो गांजे के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि मामले में श्याम सुशील, राजा सिंह, कुनाल और संतोष सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सात अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

अंजी रेड्डी ने बताया कि तीनों मामलों में ड्रग्स सप्लाई का संगठित नेटवर्क सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित आबकारी पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



