पति की प्रताड़ना के चलते बच्चों की हत्या कर लगा ली फाँसी
हैदराबाद, कुकटपल्ली थाना परिधि के अंतर्गत शराबी पति की प्रताड़ना के चलते महिला ने अपने दो बच्चों की हत्या करने के बाद स्वयं फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुकटपल्ली पुलिस के अनुसार, वरंगल ज़िला, येल्लय्यागुड़ेम पंचायत के माणिक्यम तांडा निवासी बोरा प्रवीण ने उसी ग्राम पंचायत के पदहारुचिंतला तांडा निवासी श्रावंती (30) से 13 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह रचाया था। श्रावंती ने विवाह के बाद दो बच्चों कार्तिक (12) व कौशिक (10) को जन्म दिया।
श्रावंती से विवाह रचाने के बाद प्रवीण रोजगार की तलाश में हैदराबाद आ गया। कुकटपल्ली थाना क्षेत्र के कैतलापुर, राघवेंद्रा कॉलोनी में एक मकान किराए पर लेकर रहते हुए प्रवीण मजदूरी कर रहा था। श्रावंती साफ-सफाई का काम करते हुए गृहस्थी चलाने में अपने पति का हाथ बंटा रही थी। प्रवीण को शराब पीने की लत थी। वह नशे में घर लौटकर श्रावंती को प्रताड़ित करता था।
यह भी पढ़ें… मूक-बधिर महिला से बलात्कार करने वाला गिरफ्तार
प्रवीण ने पत्नी की रिश्तेदार से किया दूसरा विवाह
पिछले वर्ष प्रवीण ने श्रावंती की एक रिश्ते की बहन माहेश्वरी से दूसरा विवाह रचा लिया था। इस मामले को लेकर पंचायत भी बिठाई गई। पंचायत के फैसले के विरुद्ध प्रवीण श्रावंती से अलग होकर उसी बस्ती में एक और मकान किराए पर लेकर रह रहा था। इसके बावजूद वह रोजाना रात श्रावंती के घर आकर उसे प्रताड़ित कर रहा था। तीन दिन पूर्व माणिक्यम तांडा में पुन इस मामले को लेकर पंचायत बिठाई गई और फिर से अपना फैसला सुनाया गया कि प्रवीण को श्रावंती के साथ ही रहना होगा।
पंचायत के फैसले को मानते हुए सोमवार को प्रवीण श्रावंती और बच्चों को लेकर हैदराबाद आ गया। आज सुबह प्रवीण मजदूरी के कार्य पर घर से निकल गया। दोपहर भोजन के लिए घर आए प्रवीण ने देखा कि दरवाजा भीतर से बंद है। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इस कारण दरवाजा तोड़ा गया, तब भीतर दोनों बच्चों के शव फाँसी पर लटके हुए पाये गए। कुछ दूरी पर श्रावंती भी फाँसी पर लटकती हुई मिली। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस ने श्रावंती और उसके दोनों बच्चों के शवों को फाँसी पर से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए गांधी अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस प्रवीण को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



