राजग सरकार की विकास के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाने वाला ‘कर्तव्य’ बजट : भाजपा नेता

चेन्नई, तमिलनाडु और कर्नाटक के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सह-प्रभारी पोंगुलेटी सुधाकर रेड्डी ने कहा है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट एक ‘‘कर्तव्य’’ बजट है जो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की विकास के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

पूर्व विधान परिषद सदस्य ने सात उच्च गति रेल गलियारे (मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी) विकसित करने के प्रस्ताव का स्वागत किया और इन्हें ‘‘पर्यावरण के अनुकूल विकास के लिए जोड़ने वाली सुविधा’’ बताते हुए कहा कि इनसे क्षेत्रीय संपर्क, आवागमन और आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा मिलेगा।

बजट में एमएसएमई, युवा और शहर विकास को बढ़ावा: रेड्डी

रेड्डी ने इसे समावेशी और सतत राष्ट्रीय विकास की दिशा में ‘कर्तव्य’ और दूरदर्शी बजट बताते हुए सोमवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि इस बजट ने समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए राजग सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाया और इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) को मजबूत करने, युवाओं को सशक्त बनाने, ग्रामीण भारत के उत्थान एवं संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

रेड्डी ने शहर आर्थिक क्षेत्रों (सीईआर) पर दिए गए जोर की विशेष रूप से सराहना की और शहरों को विकास, नवोन्मेष और अवसर का केंद्र बताया। उन्होंने कहा, ‘‘आधुनिक ढांचे और बेहतर बुनियादी सुविधाओं के जरिए द्वितीय और तृतीय श्रेणी के शहरों तथा तीर्थ नगरों पर बजट का ध्यान विकेंद्रीकृत विकास की दिशा में एक निर्णायक कदम है।’’

रेड्डी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत समावेशी विकास, मजबूत बुनियादी ढांचे और आत्मनिर्भर भारत की भावना के बल पर विकसित भारत की ओर मजबूती से बढ़ रहा है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button