ओडिशा में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 2.63 करोड़ नकद और वाहन जब्त
भुवनेश्वर, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ओडिशा के गंजाम जिले में 25 से अधिक स्थानों पर छापेमारी के दौरान 2.63 करोड़ रुपये नकद और कई वाहन जब्त किए हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के मुताबिक, यह कार्रवाई रेत और काले पत्थर के अवैध खनन तथा उससे जुड़ी धनशोधन गतिविधियों के संबंध में जारी जांच के अंतर्गत की गई है। ईडी ने एक बयान में कहा कि उसके भुवनेश्वर क्षेत्रीय कार्यालय ने 16 जनवरी को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत छापेमारी की और अवैध खनन में शामिल एक गिरोह के साथ-साथ देसी शराब के कारोबार से जुड़े ठेकेदारों और मालिकों का भंडाफोड़ किया।
यह भी पढ़े: ईडी ने 346 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में छापेमारी की
बयान में कहा गया है कि छह राज्यों के 175 से अधिक अधिकारियों ने इस अभियान में भाग लिया। छापेमारी में गिरोह के उन सदस्यों के परिसरों को शामिल किया गया, जिन पर बाहुबल का प्रयोग करके और स्थानीय लोगों को डरा-धमका कर खनिजों का अवैध खनन करने का आरोप है। प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पर आधारित थी, जिसमें गंजाम जिले में नदियों के किनारों पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन का जिक्र किया गया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन अवैध गतिविधियों से सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



