शिक्षा और कल्याण सरकार की ज़िम्मेदारी : रेवंत रेड्डी

महबूबनगर, मुख्यमंत्री अनुमला रेवंत रेड्डी ने बीआरएस पार्टी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि बीआरएस परिवार भ्रष्टाचार के पैसों के बँटवारे में उलझा हुआ है। बीआरएस पार्टी अब एक एक्सपायर हो चुके नोट की तरह है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें इस परिवार के बखेड़े में न घसीटा जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बीआरएस नेताओं को अपनी समस्याएँ सुलझाने के लिए काले जादूगरों के पास जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी महबूबनगर एवं भद्राद्रि कोत्तागुड़ेम जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने महबूबनगर के मूसापेट मंडल के वेमुला गाँव में एसजीडी-कॉर्निंग टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड की नई इकाई का उद्घाटन किया। यहाँ उन्होंने बीआरएस और कविता की हालिया टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए कहा कि बीआरएस के नेता आपस में ही एक दूसरे के पेट में छुरा घोंपने में लगे हुए है।

बीआरएस परिवार भ्रष्टाचार के पैसों के बंटवारे और अपसी कलह से जूझ रहा है, जबकि जान बूझकर कुछ लोग उन्हें इस बखेड़े में घसीटकर आरोप लगा रहे हैं कि हरीश राव और संतोष कुमार के पीछे रेवंत रेड्डी है। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें परिवार के इस विवाद में किसी भी प्रकार की रुचि नहीं है। रेवंत ने अपने जेल जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि वे (रेवंत) कांग्रेस को बचाने के लिए जेल गये थे, लेकिन बीआरएस नेता आज पारिवारिक झगड़ों और जातीय पंचायतों में उलझे हुए हैं।

तेलंगाना की जनता ने बीआरएस को पहले ही नकार दिया है। बीआरएस पार्टी अब एक एक्सपायर हो चुके नोट की तरह है, जो समय के गर्भ में विलीन हो जाएगी। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है। भविष्य में महबूबनगर जिला नए उद्योगों का केंद्र बनेगा और यहाँ के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। केवल शिक्षा ही पालमुरु की किस्मत बदलेगी।

शिक्षा, उद्योग, सिंचाई और आवास पर सरकार का जोर

इंजीनियरिंग, लॉ कॉलेज, डिग्री कॉलेज और ट्रिपल आईटी की स्थापना से युवाओं को पलायन से मुक्ति मिलेगी। पालमुरु का हर बच्चा आईएएस-आईपीएस बनकर देश की सेवा करे, यह उनकी ज़िम्मेदारी है। उन्होंने जानकारी दी कि संयुक्त जिले के 14 निर्वाचन क्षेत्रों में 2,800 करोड़ रुपये की लागत से यंग इंडिया इंटीग्रेटेड रेजिडेंशियल स्कूल बनाए जा रहे हैं। सीएम ने सिंचाई परियोजनाओं को लेकर आश्वासन दिया कि परियोजनाएँ पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की लापरवाही के कारण पालमुरु की परियोजनाएँ अधूरी रह गईं।

अब कांग्रेस सरकार उन्हें ग्रीन चैनल के ज़रिए फंड उपलब्ध करवाकर पूरा करेगी। उन्होंने किसानों को भरोसा दिया कि भूमि अधिग्रहण में उन्हें बेहतर मुआवज़ा दिया जाएगा और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भद्राद्री कोत्तागुड़ेम जिले में बंडलापुडू ग्राम में इंद्रम्मा आवास गृहप्रवेश कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने ग़रीबों के कल्याण के लिए ही आवास बनवाए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने अब तक 4,50,000 इंदिरम्मा आवास को मंजूरी दी है। अगले ढाई वर्षों में 4.50 लाख और घर उपलब्ध करवाए जाएंगे।

सीएम ने कहा कि इंदिरम्मा आवास इससे पहले दिवंगत मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के कार्यकाल में प्रदान किये गये थे। बीच के 10 वर्षों में इस क्षेत्र में सूखे जैसी हालत रही। अब अगले 10 वर्षों तक सभी योग्य लोगों को आवास उपलब्ध करवाया जाएगा। यह सरकार की ज़िम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने दामरचर्ला में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनके पास राजनीतिक परिवार के झगड़ों के लिए समय नहीं है।

यह भी पढ़ें… 5 को नए वीआरओ को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे रेवंत रेड्डी

गरीबों के लिए योजनाएँ और शिक्षा पर जोर

राज्य की ग़रीब जनता के कल्याण की योजनाओं को प्रभावी रूप से अमल में लाने के लिए उन्हें काम करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान इदिरम्मा आवास बनाने के लिए जो वादा किया था, वह पूरा किया जा रहा है। ग़रीबी उन्मूलन सरकार का लक्ष्य है। सरकार ग़रीबों के पक्ष में है। ग़रीबों को राशन कार्ड दिये जा रहे हैं। रेवंत ने इशारों इशारों में केसीआर परिवार पर जमकर हल्ला बोला। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों लाखों-करोड़ों लूटे हैं।

अब वे सब एक-दूसरे की पीठ में छुरा घोंप रहे हैं। इतना कमाने का क्या फायदा कि जब लूट के पैसे परिवार को बर्बाद करने लगे। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे आसमान से बिजली गिर गई हो। हम उनके पीछे नहीं हैं। 2023 में काले नाग को डंडे से मार दिया गया है। क्या मुझे अब उस मरे हुए साँप को मारने की ज़रूरत है? हमें अपनी पारिवारिक पंचायत में न घसीटें। हमारे पास राशन कार्ड देने का काम है। इंदिरम्मा घर देने का काम है।

हमारे पास सस्ता चावल देने का काम है। रेवंत ने कहा कि शिक्षा ही एकमात्र ऐसी चीज़ है, जो हमारी नियति बदल सकती है। शिक्षा ही जीवन को बेहतर बना सकती है। इसलिए 20 हज़ार करोड़ रुपये खर्च कर स्कूलों का निर्माण किया जा रहा है। 100 निर्वाचन क्षेत्रों में युवा भारत एकीकृत आवासीय विद्यालय बनाए जा रहे हैं। हर निर्वाचन क्षेत्र में एक एटीसी स्थापित करने की ज़िम्मेदारी को पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के साथ इस दौरे में मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, जुपल्ली कृष्णा राव, वाकिटी श्रीहरि, सांसद मल्लू रवि, विधायक कुनमनेनी सांबशिव राव एवं अन्य उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button