शीतला माता मंदिर में भगदड़, आठ श्रद्धालुओं की मौत

बिहारशरीफ, बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गाँव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में मंगलवार को भगदड़ मचने से कम से कम आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने अस्पताल पहुँचने से पहले तथा कुछ ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। भगदड़ के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बिहारशरीफ के सहायक पुलिस अधीक्षक नूरुल हक ने कहा, मंगलवार सुबह शीतला माता मंदिर में भगदड़ के दौरान कम से कम आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गयी, जिनमें अधिकतर महिलायें थीं। इस हादसे में कई श्रद्धालु घायल भी हुए हैं। उन्होंने बताया, पुलिस बल और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है।

नालंदा के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शुभम कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मंदिर में अत्यधिक भीड़ के कारण यह हादसा हुआ होगा। उन्होंने कहा, घटना में आठ श्रद्धालुओं की मौत हुई है और पाँच से अधिक लोग घायल हुए हैं। इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंदिर में हुई भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने शीतला माता मंदिर हादसे पर गहरा शोक जताया

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया, मुख्यमंत्री ने बिहारशरीफ स्थित शीतला माता मंदिर में भगदड़ के बाद श्रद्धालुओं की मौत पर शोक जताया है। वह श्रद्धालुओं की मौत से बेहद दुखी हैं और मृतकों के निकटतम परिजनों को छह-छह लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। बयान में कहा गया है कि कुमार ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, नालंदा के शीतला माता मंदिर में हुई घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएँ हैं। सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत उपलब्ध करा रही है। घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।

यह भी पढ़ें… दिल्ली : कमला नगर दौरे पर उपराज्यपाल ने महिलाओं से ईमेल से शिकायतें मांगी

वहीं, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने घटना को कथित प्रशासनिक कुप्रबंधन का परिणाम बताते हुए राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, प्रशासनिक कुप्रबंधन के कारण हुई इस घटना में श्रद्धालुओं की मौत बेहद दुखद है। दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की मैं प्रार्थना करता हूँ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने, मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता देने तथा घटना की उच्चस्तरीय जाँच कराने की मांग की। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button