कुकटपल्ली नाले से हटे अतिक्रमण, बाढ़ और कब्जों की शिकायतों का अंबार
हैदराबाद, हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपदा संरक्षण एजेंसी (हैद्रा) ने सोमवार को कुकटपल्ली में नाले पर से अतिक्रमण हटाकर सफाई का काम शुरू कर दिया है। दूसरी ओर हैद्रा के प्रजावाणी कार्यक्रम में अतिक्रमणों की शिकायतों का अंबार है। हैद्रा के अधिकारियों ने सोमवार को मेडचल-मलकजगिरी जिले के कुकटपल्ली मंडल के एवीबीपुरम स्थित नाले से अतिक्रमण हटाया। अधिकारियों ने बताया कि कुकटपल्ली नाले चौड़ाई 10 मीटर है, जबकि 3 मीटर से ज़्यादा हिस्से पर अतिक्रमण हो चुका है।
इस नाले पर दो शटर खोल दिए गए हैं। नाले के अलावा मेनहोल पर भी निर्माण कार्य चल रहा है। यहाँ मोबाइल फ़ोन और लैपटॉप मरम्मत की दुकानें खोली गयी हैं। नाले पर अतिक्रमण के कारण साईं बाबा कॉलोनी, एचएएल कॉलोनी और मैत्रीनगर में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। कॉलोनी के निवासियों ने शिकायत के बाद जलबोर्ड के अधिकारियों ने भी इलाके का निरीक्षण किया। जलबोर्ड के अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर हैद्रा ने तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की।
यह भी पढ़ें… लेआउट अनुसार होगा पार्कों का संरक्षण : हैद्रा आयुक्त
हैद्रा प्रजावाणी में अतिक्रमण व जलभराव की शिकायतें
वहीं हैद्रा के प्रजावाणी कार्यक्रम में सोमवार को 39 शिकायतें मिलीं। अधिकतर शिकायतों में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और बाढ़ की समस्या का उल्लेख है। अधिकतर शिकायतें नालों और तालाबों पर अतिक्रमण के बारे में थीं। पार्कों, सरकारी ज़मीनों और सड़कों पर अतिक्रमण की भी शिकायतें मिलीं। आईएस सदन इलाके में बाढ़ की शिकायत मिली है। लोगों ने बापूघाट, लंगरहौज़ और टोलीचौकी फ्लाईओर के नीचे जलभराव की शिकायत की है।
कहा गया कि पुल के आसपास के इलाके बारिश के दौरान समस्या बन गए हैं। सोमाजीगुड़ा यशोदा अस्पताल तथा पंजागुट्टा क्षेत्र की कई कॉलोनियों के प्रतिनिधियों ने भी जलभराव की समस्या की जानकारी हैद्रा अधिकारियों को दी। नाचाराम औद्योगिक क्षेत्र के निवासियों ने सिंगम चेरुवु नाले पर अतिक्रमण की शिकायत की है। मेडिपल्ली मंडल के पर्वतापुर में 38 एकड़ सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत मिली है। इसी तरह कापरा, कुतुबुल्लापुर एवं अन्य स्थानों से भी शिकायतें मिली हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



