शहर में बढ़ते प्लास्टिक कचरे को लेकर पर्यावरणविदों ने जतायी चिंता
हैदराबाद, शहर के प्रमुख पर्यावरणविदों ने नागरिकों तथा नागरिक प्रशासन से जुड़े लोगो को चेताया कि यदि प्लास्टिक कचरे के निपटारे और नियंत्रण के उपाय शीघ्र नहीं किये जाते हैं, तो यह एक बड़ा खतरा बनकर उभर सकता है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर हैद्रा कार्यालय में जल निकायों के प्रदूषण विषय पर आयुक्त ए.वी. रंगनाथ के नेतृत्व में आयोजित बैठक में कई पर्यावरणविदों और गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने चर्चा की। बैठक में उपस्थित पर्यावरणविदों ने सचेत किया कि अगर प्लास्टिक कचरे पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो यह पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बन जाएगा। प्लास्टिक कचरा नालियों के जरिए तालाबों में जा रहा है। यह पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती बन रहा है। नालों और तालाबों में प्लास्टिक कचरे पर नियंत्रण के लिए सभी को आगे आने आना होगा। सब को यह सोचना चाहिए कि जो प्लास्टिक इस्तेमाल कर रहे हैं, वह कहाँ पहुंच रहा है।
यह भी पढ़ें… नानकरामगुड़ा सर्किल अब होगा स्टार सर्किल
प्लास्टिक कचरे के समाधान हेतु जागरूकता और सख्ती
बैठक में हैद्रा के अधिकारी, स्वच्छ भारत प्रचारक एम. सूर्यनारायण, स्मरण स्वयंसेवी संगठन के प्रतिनिधि सुभाष रेड्डी, जेएनटीयू के प्रोफेसर डॉ. हिमा बिंदु, स्वयंसेवी संगठन के प्रतिनिधि मधुलिका चौधरी व अन्य ने भाग लिया। हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने कहा कि लोग इस समस्या के समाधान के लिए प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने या रीसाइकिलिंग को और अधिक प्रभावी रूप से अमल में लाने का सुझाव दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीएचएमसी क्षेत्र में प्रतिदिन 8,000 टन कचरा उत्पन्न हो रहा है।
उचित प्रबंधन के अभाव में तालाब, नदियाँ, पोखर और नाले कचरे से भर रहे हैं। शहर में उत्पन्न होने वाले इस कचरे को अलग करके खाद और ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए। साथ ही प्लास्टिक का पुन उपयोग किया जाना चाहिए। हैद्रा आयुक्त ने कहा कि नालों और सड़कों पर कचरा न फेंकें यह बताने के साथ यह भी बताना ज़रूरी है कि उसे कहाँ फेंकना है। लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए अभियान चलाए जाने चाहिए। सख्त नियमों को लागू कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली स्थापित की जानी चाहिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



