फ्लैट में एफेड्रिन बनाने का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
हैदराबाद, एलाइट एक्शन ग्रुप फार ड्रग लॉ एनफोर्समेंट (ईगल) पुलिस ने सुचित्रा क्रॉस रोड, जेडिमेट्ला के प्रिंग फील्ड कॉलोनी स्थित साईदत्ता रेसिडेन्सी के फ्लैट पर छापा मारकर मादक द्रव्य एफेड्रिन तैयारी केंद्र का पर्दाफाश किया। इस मामले में ईगल पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से 220 किलो एफेड्रिन जब्त की गई, जिसकी भारतीय बाजार में कीमत 10 करोड़ रुपये और अंतरराष्ट्रीय बाजार में 70 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के पास से चार सेलफोन भी जब्त किए गए।
ईगल के निदेशक संदीप शांडिल्य ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर छापे की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। छापे के दौरान ईगल पुलिस ने साईदत्ता रेसिडेन्सी निवासी व मूलत काकीनाड़ा के रहने वाले वी. शिवा रामकृष्णा परम वर्मा (52), सुभाषनगर, जेडिमेट्ला निवासी व मूलत काकीनाड़ा निवासी डी. अनिल (31), अपरूपा कॉलोनी, जीडिमेट्ला निवासी व मूलत पूर्वी गोदावरी ज़िला निवासी मुसिनी दोरा बाबू (29) और एचएएल कॉलोनी, गाजुला रामारम, कुतबुल्लापुर निवासी व मूलत कोटापोलुरू ग्राम, सुल्लूरुपेटा, तिरुपति के रहने वाले मद्दू वेंकट कृष्णा राव (45) को गिरफ्तार किया।
इस मामले में एचएएल कॉलोनी, गाजुला रामारम निवासी व मूलत तिरुपति का रहने वाला पीएनएम लाइफ साइंसेस का निदेशक एम. प्रसाद (49) फरार है। उन्होंने बताया कि डी. अनिल पीएनएम लाइफ साइंसेस में प्रोडक्शन मैनेजर, दोरा बाबू विघ्नसाई लेबोरेटरीस में प्रोडक्शन ऑपरेटर और वेंकट कृष्णा राव पीएनएम लाइफ साइंसेस प्राइवेट लिमिटेड में निदेशक के रूप में कार्यरत है।
आरोपियों की शैक्षणिक और पेशेवर पृष्ठभूमि
मुख्य आरोपी वर्मा ने एसकेबीआर कॉलेज, अमलापुरम से एमपीसी में स्नातक की पढ़ाई पूर्ण की और कुछ दिन सीरिज लिमिटेड कंपनी में कॉलिटी केमिस्ट के रूप में कार्य किया। वर्ष 2003 के बाद वह वेस्टर्न इंडस्ट्रीज लिमिटेड बोइनपल्ली में क्वालिटी एनालिस्ट के रूप में वर्ष 2009 तक कार्य किया। इसके बाद उसने वर्ष 2019 तक हैदराबाद में रियल इस्टेट का व्यापार किया। इसके बाद वह अपने गाँव लौट गया और वहाँ अक्वा कल्चर का व्यापार किया।
वर्ष 2017 और 2019 के दौरान उसे एनसीबी बेंगलुरू और एनसीबी हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर क्रमश 250 किलो एमफेटामाइन और 10 किलो अप्राजोलम जब्त किया था। उन्होंने बताया कि आरोपी अनिल ने इंटर की पढ़ाई की और वर्ष 2014 के दौरान हैदराबाद आ गया। वर्ष 2023 तक उसने विभिन्न केमिकल कंपनियों में नौकरी की और इसके बाद से वह पीएनएम लाइफ साइंसेस में प्रोडक्शन मैनेजर के रूप में कार्य कर रहा था।
दोरा बाबू ने 7वीं कक्षा तक की पढ़ाई की और वॉल पेंटर के रूप में काम कर रहा था। वर्ष 2018 के दौरान वह हैदराबाद आकर विभिन्न कंपनियों में हेल्पर के रूप में कार्य किया और वर्तमान समय में वह विघ्नसाई लेबोरेटरीज में कार्यरत था। वेंकट कृष्णा ने आईटीआई की पढ़ाई की और 2011 के दौरान उसने अपने भाई प्रसाद के साथ दूलापल्ली जीडिमेट्ला में साई टेक्नो इंजीनियर्स के नाम से अपना व्यापार प्रारंभ किया। वर्ष 2019 के दौरान दोनों भाइयों ने पीएनएम लाइफ साइंसेस के नाम से आईडीए बोलारम में लैब प्रारंभ किया।
यह भी पढ़ें… फर्जी गेमिंग एप के जरिये धोखाधड़ी करने वाले गिरफ्त में
पीएनएम लाइफ में एफेड्रिन ड्रग निर्माण और गिरफ्तारी
साई टेक्नो इंजीनियर्स के जरिए वे केमिकल उपकरण जैसे रिएक्टर, कंडनसर, रिसिवर और स्टोरेज टैंक का निर्माण करते थे। इसी के आधार पर दोनों ने पीएनएम लाइफ साइसेंस की स्थापना की। मुख्य आरोपी वर्मा ने अपने दोस्त स्वामी के साथ दिसंबर-2024 के दौरान पीएनएम लाइफ साइंसेस का दौरा किया, जहाँ उसकी मुलाकात अनिल से हुई। इसके बाद सभी आरोपियों ने रागा बार एण्ड रेस्टोरेंट में कई बार बैठक कर एफेड्रिन ड्रग तैयार करने की योजना बनाई।
सोची-समझी योजना के तहत सभी आरोपी मिलकर पीएनएम लाइफ साइंसेस में वर्मा द्वारा दिए गए फार्मूले के आधार पर एफेड्रिन ड्रग्स तैयार कर रहे थे। इसके लिए वर्मा ने 8 लाख रुपये ऑनलाइन स्तर पर स्थानांतरित किए और एफेड्रिन तैयार करने के लिए आवश्यक रसायन जैसे सोडियम हाइड्रो ऑक्साइड फ्लेक्स, हाइड्रो क्लोरिक एसिड, एसेटिक एसिड, सोडियम बोरो हाइड्रेड, टोलेन, ब्रोमाइन, एसेटोन की भी आपूर्ति कर रहा था।
इस आधार पर 220 किलो एफेड्रिन तैयार कर इसे वर्मा के फ्लैट नं. 101 साईदत्ता रेसिडेन्सी में रखा गया था। पुलिस ने कल छापा मारकर एफेड्रिन समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में फरार एम. प्रसाद की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



