मूसी जलग्रहण क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाएँ : पोंगुलेटी श्रीनिवास
हैदराबाद, राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने से संबंधित मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिला कलेक्टरों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने का आदेश दिया । उन्होंने जिला कलेक्टरों को राज्य में भारी बारिश के दौरान जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
श्रीनिवास रेड्डी ने राज्य सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव और डीजीपी जितेंदर के साथ कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों, हैद्रा और जीएचएमसी अधिकारियों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंस की। उन्होंने अधिकारियों को, जहाँ पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई, रंगारेड्डी, विकाराबाद, संगारेड्डी और हैदराबाद में उठाए जाने वाले कदमों के बारे में निर्देश दिए। उन्होंने अगले 24 घंटों में भारी बारिश होने की संभावना वाले जिलों में उठाये जाने वाले एहतियाती कदमों को लेकर भी दिशा-निर्देश दिये।
मूसी नदी बाढ़ को लेकर सतर्कता बढ़ाई जाए
श्रीनिवास रेड्डी ने सिंचाई, परिवहन, बिजली, हैद्रा, जीएचएमसी और राजस्व विभागों को समन्वय से काम कर यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा कि लोगों के जीवन में कोई व्यवधान न हो। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के सबसे बड़े त्यौहार दशहरे के लिए लोग विशेष रूप से हैदराबाद शहर से अपने गाँवों को जाएँगे। इसके मद्देनजर उन्होंने अधिकारियों को यातायात को नियंत्रित करने के लिए उचित सावधानी बरतने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि लोगों की आवाजाही बाधित न हो। उन्होंने कहा कि विकाराबाद जिले में भारी बारिश के कारण मूसी नदी में भारी बाढ़ आ रही है।
इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को मूसी जलग्रहण क्षेत्रों के लोगों को सतर्क करने और जहाँ आवश्यक हो, वहाँ लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि शिवाजी ब्रिज के नीचे भू लक्ष्मी मंदिर के पास निचले इलाकों में रहने वाले 55 लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुँचा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मूसी नदी में बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर अधिकारियों को लगातार सतर्क रहना चाहिए।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद में बाढ़ अलर्ट: हिमायत सागर और उस्मान सागर से मूसी में छोड़ा जा रहा है पानी
हिमायत-उस्मान सागर में बाढ़ और बचाव उपाय
विशेषकर हिमायत सागर और उस्मान सागर जलाशयों में भारी बाढ़ का प्रवाह आ रहा है। इसके मद्देजनर उन्होंने एहतियात के तौर पर आने वाली बाढ़ का अनुमान लगाते हुए दोनों जलाशयों से समान मात्रा में पानी छोड़ने का आदेश दिया। उन्होंने सलाह दी कि दोनों जलाशयों से पानी छोड़े जाने के दौरान निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जाए। जरूरत पड़ने पर राहत शिविर स्थापित किए जाएँ। उन्होंने कहा कि राज्य में तालाब पहले से ही भरे हुए हैं।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आगामी बारिश के कारण तालाबों में दरार पड़ने के खतरे को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने निचले स्तर के पुलों पर, जहाँ पानी का प्रवाह अधिक है, दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस बंदोबस्त स्थापित करने का आदेश दिया। उन्होंने युवाओं को जलाशयों और जल स्रोतों के पास सेल्फी लेने से रोकने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बचाव अभियान दलों के साथ एनडीआरएफ और एसटीआरएफ दलों को तैनात करने का आदेश दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



