पाकिस्तान की हर इंच जमीन ब्रह्मोस की पहुंच में: राजनाथ सिंह


लखनऊ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि अब पाकिस्तान की एक-एक इंच जमीन ‘ब्रह्मोस’ मिसाइल की पहुंच में है। सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ लखनऊ स्थित ‘ब्रह्मोस एयरोस्पेस’ इकाई में निर्मित ‘ब्रह्मोस’ मिसाइल की पहली खेप के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर ने यह सिद्ध कर दिया है कि अब जीत हमारे लिए कोई छोटा-मोटा इंसीडेंट (घटना) नहीं रहा, बल्कि यह हमारी आदत बन चुकी है। अब हमें इस आदत को बनाए रखने के साथ-साथ इसे और भी मजबूत करने का संकल्प लेना होगा।’’
ऑपरेशन सिंदूर में जो कुछ हुआ, वह सिर्फ एक ‘ट्रेलर’ (नमूना) था
राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के किसी भी हिस्से में जब ‘ब्रह्मोस’ का नाम लिया जाता है तो लोगों को इसकी तकनीकी विशेषताएं भले न पता हों, लेकिन बच्चों से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक के मन में मिसाइल की छवि के साथ-साथ विश्वसनीयता स्वाभाविक रूप से आ जाती है। उन्होंने कहा, ‘‘अब सबको भरोसा है कि हमारे विरोधी ‘ब्रह्मोस’ से नहीं बच पाएंगे। जहां तक पाकिस्तान की बात है, उसकी एक-एक इंच जमीन अब ब्रह्मोस की पहुंच मे है।’’
रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर में जो कुछ हुआ, वह सिर्फ एक ‘ट्रेलर’ (नमूना) था। लेकिन उसने ही पाकिस्तान को यह एहसास दिला दिया कि अगर भारत पाकिस्तान को जन्म दे सकता है, तो समय आने पर वह।’’
हमारे पास ‘ब्रह्मोस’ जैसा हथियार है
सिंह ने अपने भाषण में उपरोक्त पंक्ति पूरी नहीं, बल्कि वहां मौजूद लोगों से कहा, ‘‘अब मुझे आगे बोलने की कोई जरूरत नहीं है-आप खुद समझदार हैं।’’ राजनाथ सिंह ने कहा कि देश और दुनिया की उम्मीदें भारत के लिए एक बड़ा अवसर हैं। उन्होंने कहा कि जब देशवासियों को यह विश्वास होता है कि हमारे पास ‘ब्रह्मोस’ जैसा हथियार है, तो यह उन्हें सुरक्षा का भरोसा देता है। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें (मिसाइल) एक ओर परंपरागत चीज है तो दूसरी ओर आधुनिक सिस्टम है। यह लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम है। यह वायुसेना, नौसेना और थलसेना-तीनों ही सेनाओं का भरोसा है। यह एक स्पष्ट संदेश है कि भारत अपने सपनों को साकार करने की ताकत रखता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसी विश्वास ने हमें ऑपरेशन सिंदूर में ताकत दी, जहां ‘ब्रह्मोस’ एक सामान्य सिस्टम नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा का सबसे बड़ा ‘प्रैक्टिकल प्रूफ’ (व्यावहारिक प्रमाण) साबित हुआ है।’’

राजनाथ सिंह ने दोहराया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने ब्रह्मोस को केवल एक परीक्षण (ट्रायल) नहीं, बल्कि एक व्यवहारिक और सफल सैन्य प्रणाली के रूप में स्थापित कर दिया है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों से लेकर सामान्य नागरिकों तक, बड़े शहरों से लेकर छोटे गांवों तक, और शिक्षित से लेकर कम शिक्षित नागरिकों तक, सभी में ‘ब्रह्मोस’ की ताकत का व्यापक रूप से विश्वास है।
ब्रह्मोस से भारत मित्र देशों की सुरक्षा में भी सक्षम: योगी आदित्यनाथ
लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस इकाई से तैयार की गई ब्रह्मोस मिसाइलों की पहली खेप को शनिवार को हरी झंडी दिखाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, ये हमारे लिए खुशी का क्षण है। मेरे लिए खासतौर से। क्योंकि ये स्वदेशी तकनीक पर आधारित मिसाइल है। हमको प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया के संकल्प को पूरा करने और रक्षा मंत्री की उपस्थिति में स्वदेशी तकनीक पर आधारित ब्रह्मोस मिसाइल के पहले बैच को हरी झंडी दिखाने का मौका मिला। यह मिसाइल भारत की रक्षा आवश्यकताओं में आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।

इसका अर्थ है कि ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों के माध्यम से, भारत अब न केवल अपनी सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है, बल्कि दुनिया भर के अपने मित्र देशों की सुरक्षा को भी पूरा करने में सक्षम है। जहां भी डिफेंस लैंड को जरूरत पड़ेगी, वहां यूपी दिल खोलकर जमीन देगा। यही धरती माता चाहती हैं। जमीन का सदुपयोग होना चाहिए। मैंने डीआरडीओ को कहा है कि आपको जितनी भी जमीन चाहिए, यूपी में मिलेगी। हमारी कैबिनेट ने फ्री में जमीन मुहैया कराने का फैसला किया था। अब देखिए यूपी की धरती सोना बन रही है।
आज का दिन उत्तर प्रदेश की जनता के लिए महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, आज का दिन उत्तर प्रदेश की जनता के लिए महत्वपूर्ण दिन है। लखनऊ डिफेंस सेक्टर में अहम भूमिका निभा रहा है। मैंने पांच महीने पहले ब्रह्मोस यूनिट का उ्दघाटन किया था। आज उसकी पहली खेप रवाना कर दी गई। यह आम बात नहीं है। ऑपरेशन सिंदूर ने साबित कर दिया है कि जीत अब हमारी आदत बन चुकी है। दुनिया ने भारत की ताकत को माना है। देश को ये विश्वास है कि अब हम बहुत मजबूत हो चुके हैं। मैं बता दूं कि जब भारत पाकिस्तान को जन्म दे सकता है, अब आगे आप लोग समझदार है। (भाषा)
यह भी पढ़े– हमारा लक्ष्य घरेलू रक्षा उत्पादन को 100 प्रतिशत तक ले जाना है: राजनाथ
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।
