हर कदम भावी पीढ़ियों के लिए : श्रीधर बाबू

हैदराबाद, आईटी और उद्योग मंत्री श्रीधर बाबू ने कहा कि राज्य सरकार का विचार भविष्य का इंतज़ार करने के बजाय खुद भविष्य बनाना है। हम जो भी कदम उठाते हैं और जो भी सोचते हैं, वह आने वाली पीढ़ियों की उम्मीदों और जरूरतों के अनुसार है। उन्होंने कहा कि फीनिक्स पक्षी की प्रेरणा से तेलंगाना को ग्लोबल निवेश गंतव्य में बदलने के लक्ष्य से तेलंगाना राइजिंग का शुभारंभ किया गया।

मंत्री श्रीधर बाबू ने फ्यूचर सिटी में आरंभ हुए दो दिवसीय तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आगे कहा कि दुनिया के सामने अभी जो आर्थिक बदलाव, तकनीकी रुकावट, जलवायु अनिश्चितता आदि चुनौतियाँ हैं, उन्हें अवसरों में बदलकर हम तेलंगाना को 2047 तक 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यस्था बनाने के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सफर में राज्य सरकार का पहला कदम तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट-2025 है।

श्रीधर बाबू ने कहा कि भौगोलिक क्षेत्रफल और आबादी के मामले में तेलंगाना दूसरे राज्यों की तुलना में छोटा है, लेकिन देश की डीजीपी में राज्य का हिस्सा 5 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि 2024-2025 में राज्य की जीएसडीपी वृद्धि दर 10.1 प्रतिशत थी, जबकि राष्ट्रीय औसत 9.9 प्रतिशत था। उन्होंने आगे बताया कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय 3.79 लाख रुपये है, जो राष्ट्रीय औसत से 1.8 गुना अधिक है।

यह भी पढ़ें… तेलंगाना रखता है तेज़ विकास का लक्ष्य : किशन रेड्डी

तेलंगाना का उद्योग और विनिर्माण क्षेत्र राष्ट्रीय औसत से आगे

श्रीधर बाबू ने आगे कहा कि राज्य में उद्योग और विनिर्माण क्षेत्र में वृद्धि दर 7.6 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय औसत केवल 6.6 प्रतिशत है। राज्य के सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर 11.9 प्रतिशत रही, जबकि राष्ट्रीय औसत 10.7 प्रतिशत रहा। राज्य का उद्योग सकल राज्य मूल्य वर्धित (जीएसवीए) 12.6 प्रतिशत की वृद्धि दर के साथ 2.46 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2.77 लाख करोड़ रुपये हुआ है। उन्होंने कहा कि विनिर्माण, निर्माण, खनन, उत्खनन, बिजली, गैस, पानी और अन्य उपयोगिताओं जैसे औद्योगिक उप-क्षेत्र में तेलंगाना की वृद्धि दर भी राष्ट्रीय औसत से अधिक है, जो राज्य सरकार के बेहतर प्रदर्शन का सबूत है।

श्रीधर बाबू ने कहा कि भारत फ्यूचर सिटी, तेलंगाना एआई इनोवेशन हब, एआई आधारित तेलंगाना डेटा एक्सचेंज, एआई यूनिवर्सिटी, स्किल यूनिवर्सिटी, एडवांस्ड आईटीआई कॉलेजों, एआई आधारित पाठ्यक्रम, यंग इंडिया इंटरनेशनल स्कूल, लाइफ साइंसेज हब वन बायो और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे क्रांतिकारी कदम तेलंगाना को दुनिया के नक्शे पर विशेष जगह दिलाएंगे। मंत्री ने उद्योगपति, नवाचारकर्ताओं और विशेषज्ञों से आने वाली पीढ़ियों के लिए तेलंगाना के साथ मिल कर भविष्य बनाने आगे आने का आह्वान किया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button