आबकारी पुलिस की कार्रवाई, गांजा और एनडीपीएल शराब ज़ब्त
हैदराबाद, आबकारी पुलिस ने हैदराबाद में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ सक्रिय कार्रवाई करते हुए दो बड़े मामलों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। नामपल्ली मेट्रो स्टेशन पर 2.5 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि दिल्ली से आ रही तेलंगाना एक्सप्रेस ट्रेन से बिना कस्टम शुल्क वाली 44 शराब की बोतलें जब्त की गईं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं।
आबकारी पुलिस ने हैदराबाद में दो अलग अलग मामलों में अवैध रूप से गांजा और एनडीपीएल शराब ज़ब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने 1 आरोपी को गिरफ्तार भी किया है, जबकि तीन लोग फरार होने में सफल हो गये हैं।
आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स ने नामपल्ली मेट्रो स्टेशन के पास गांजे तस्कर को गिरफ्तार कर 2.5 किलो गांजा बरामद किया। एसटीएफ के अधीक्षक एन. अंजी रेड्डी ने बताया कि विश्वस्त सूत्रों के जरिए जानकारी मिलने के बाद मेट्रो स्टेशन के पास से जी. संजय नामक गांजा तस्कर को 2.5 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया।
आबकारी पुलिस ने बताया कि पूछताछ में संजय ने शेखर बाबू, कुमार बाबू, गांगुली बाबू के साथ मिलकर गांजे की बिक्री करने का खुलासा किया। आरोपी के पास से 2.5 किलो गांजा, दोपहिया, सेलफोन को जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए नामपल्ली आबकारी पुलिस के हवाले कर दिया गया।
यह भी पढ़े : हैदराबाद में 2.6 करोड़ के गांजे के साथ युवक गिरफ्तार
44 एनडीपीएल शराब की बोतलें जब्त
आबकारी पुलिस ने बिना कस्टम शुल्क भुगतान वाली 44 शराब की बोतलों को जब्त किया।आबकारी पुलिस के निदेशक शाहनवाज कासिम ने बताया कि दिल्ली से हेदराबाद आ रही तेलंगाना एक्सप्रेस ट्रेन की तलाशी लेते हुए कई यात्रियों के पास से 44 एनडीपीएल शराब की बोतलों को जब्त किया गया।

शराब की बोतलों को आगे की कार्रवाई के लिए सिकंदराबाद की आबकारी पुलिस के हवाले किया गया। उन्होंने बताया कि आबकारी पुलिस की विभिन्न टीमें अवैध शराब की तस्करी पर सक्रियता से कार्रवाई कर रही है। त्योहारों के समय रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, निजी बसों की औचक तलाशी लेते हुए एनडीपीएल शराब को जब्त किया जा रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



