नुमाइश 1 जनवरी से, भट्टी विक्रमार्का करेंगे उद्घाटन

हैदराबाद, हैदराबाद की प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक अखिल भारतीय औद्योगिक प्रदर्शनी (नुमाइश) आगामी 1 जनवरी को शुरू होगी। उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का मल्लू इसका उद्घाटन करेंगे। इसमें सरकारी और औद्योगिक संस्थाओं सहित देश भर से 1000 से अधिक प्रदर्शक स्टॉल स्थापित करेंगे। प्रदर्शनी समिति ने दावा किया कि जन सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये हैं।
आज संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदर्शनी समिति के अध्यक्ष एवं उद्योग व आईटी मंत्री श्रीधर बाबू ने बताया का हैदराबाद की औद्योगिक प्रदर्शनी सबसे पुराना और लोकप्रिय वार्षिक आयोजन है, जो इस साल 85 वर्ष पूरे कर रहा है।

नामपल्ली स्थित प्रदर्शनी मैदान में 15 फरवरी तक चलने वाली नुमाइश के उद्घाटन समारोह में सड़क एवं भवन, सिनेमैटोग्राफी मंत्री कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी विशेष रूप से भाग लेंगे। प्रदर्शनी कार्यदिवसों में प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 10.30 बजे तक खुली रहेगी, जबकि शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में यह रात 11 बजे तक खुली रहेगी। प्रवेश टिकट 50 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है, जबकि 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा।

34 उप-समितियों और 106 सुरक्षाकर्मियों के साथ कड़ा सुरक्षा इंतजाम

प्रदर्शनी के सुरक्षित और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए आयोजकों ने 34 उप-समितियों का गठन किया है, जो आयोजन के विभिन्न पहलुओं की निगरानी करेंगी। सभी प्रवेश द्वारों पर 106 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि सिगरेट, गुटखा, लाइटर और हथियार जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं को अंदर ले जाने से रोका जा सके। इसके अतिरिक्त, कुल 320 स्वयंसेवक ड्यूटी पर रहेंगे।

मंत्री ने बताया कि 1.5 लाख लीटर क्षमता के दो भूमिगत जल टैंक उपलब्ध हैं, जो 82 फायर हाइड्रेंट्स से जुड़े हैं। 45 प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की एक टीम लगातार अग्नि सुरक्षा प्रणालियों की निगरानी करेगी। इसके अलावा अग्निशमन विभाग द्वारा 10,000 लीटर क्षमता की दो दमकल गाड़ियाँ पूरे प्रदर्शनी काल के दौरान परिसर में तैनात रहेंगी। प्रवेश, निकास और आपातकालीन मार्गों के लिए स्पष्ट संकेतक दिये गये हैं। सभी गेटों पर सीसीटीवी निगरानी और मेटल डिटेक्टर से जाँच की जाएगी।

प्रदर्शनी समिति के मानद सचिव बी.एन. राजेश्वर ने बताया कि इस वर्ष प्रदर्शकों की ओर से आयोजकों को बेहद उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। देशभर और तेलंगाना से लगभग 1,050 निर्माता एवं शिल्पकार प्रदर्शनी में भाग लेंगे, जो विभिन्न प्रकार के उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही लगभग 20 फूड स्टॉल विभिन्न व्यंजनों के साथ प्रदर्शनी का आकर्षण बढ़ाएँगे। कई सरकारी विभाग भी प्रदर्शनी में भाग लेंगे, जिनमें भारतीय रिज़र्व बैंक, वन विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, तेलंगाना डेयरी विकास सहकारी महासंघ, हैदराबाद पुलिस, एमईपीएमए, भारतीय जीवन बीमा निगम, पर्यटन विभाग, शिक्षा विभाग एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी मैदान तक पहुँचने के लिए हैदराबाद मेट्रो रेल अच्छी सुविधा है।

यह भी पढ़ें… भारत का विश्वगुरु बनना दुनिया की आवश्यकता, आरएसएस सरसंचालक मोहन भागवत ने किया आह्वान

स्वास्थ्य जाँच केंद्र और नेत्र शिविर की सुविधा उपलब्ध

गांधी भवन और नामपल्ली मेट्रो स्टेशन नजदीक हैं। प्रदर्शनी समय के अनुसार मेट्रो सेवाओं की आवृत्ति और संचालन समय बढ़ाया जाएगा। तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा विशेष बस सेवाएँ भी संचालित की जाएँगी। बाइक और कारों के लिए निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था गृह कल्पा, चंद्र विहार, गगन विहार और भीमराव वाड़ा में की जाएगी। इसके अतिरिक्त गेट नंबर 1 के पास हैंडलूम हाउस के निकट सशुल्क स्वचालित मल्टी-लेवल पार्किंग सुविधा उपलब्ध रहेगी।

यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के सहयोग से स्वास्थ्य जाँच केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहाँ किफायती दरों पर चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध होंगी। लॉयंस इंटरनेशनल के सहयोग से नेत्र शिविर परिसर में कार्य करेगा। एक एम्बुलेंस 24 घंटे तैनात रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी समिति ने महिला उद्यमियों को स्टॉल आवंटन में प्राथमिकता दी है, ताकि वह उत्पादों का प्रदर्शन और विपणन कर सकें।

सोसाइटी तेलंगाना में 19 शैक्षणिक संस्थानों और एक धर्मार्थ अस्पताल का संचालन करती है, जिसके माध्यम से लगभग 30,000 विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने दावा कि किया सोसाइटी की गतिविधियों से हर वर्ष लगभग 10,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलता है, जबकि करीब 1,000 लघु एवं मध्यम उद्यमों को पूरे वर्ष व्यवसाय चलाने का अवसर मिलता है। सोसाइटी ने जीएसटी, लाइसेंस शुल्क, संपत्ति कर और उपयोगिता शुल्क के माध्यम से सरकार को लगभग 10 करोड़ का राजस्व योगदान दिया। अवसर पर उपाध्यक्ष सुकेश रेड्डी, संयुक्त सचिव चंद्रशेखर, कोषाध्यक्ष डॉ. एन. संजीव कुमार, डी. सुरेश कुमार एवं एन. प्रद्युमना उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button