जनगांव की डेयरी यूनिट में धमाका, दो गंभीर
हैदराबाद, राज्य के जनगाँव जिले में एक डेयरी यूनिट में ओवन गर्म करने के दौरान जोरदार धमाके से दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रघुनाथपल्ली मंडल स्थित शक्ति डेयरी में बादाम दूध प्रोसेसिंग के दौरान बोतलें तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ओवन में अत्यधिक दबाव बन गया। इसी दौरान कर्मचारियों ने ओवन को गर्म अवस्था में ही खोलने की कोशिश की, जिससे अचानक तेज धमाका हो गया।
धमाके के साथ ही आसपास रखी कांच की बोतलें चकनाचूर हो गईं। टूटे हुए कांच के टुकड़े कर्मचारियों के शरीर में जा धंसे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें हैदराबाद भेज दिया गया। जहाँ घायलों का इलाज फिलहाल यशोदा अस्पताल में चल रहा है।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद के जुबली हिल्स में साड़ी के शोरूम में लगी आग
रघुनाथपल्ली के पुलिस इंस्पेक्टर श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि हादसे में दो कर्मचारी घायल हुए हैं और दोनों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और दबाव नियंत्रण में कमी को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामला दर्ज करते हुए आगे की तफ्तीश कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



