नए नियमों व नए कप्तानों पर नजर
कोलकाता, गत चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के बीच शनिवार को यहाँ होने वाले मैच से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 18वें सत्र का आगाज होगा, जिसमें नए नियमों और नए कप्तानों पर सभी की निगाह रहेगी।
नए नियमों में सबसे महत्वपूर्ण गेंद पर लार लगाने की अनुमति फिर से देना है। कोविड-19 महामारी के कारण गेंद पर लार लगाना प्रतिबंधित कर दिया गया था और उसके बाद यह पहला अवसर होगा, जबकि गेंदबाजों को इसकी अनुमति दी जाएगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल के अधिकतर कप्तानों से इस मामले में सहमति मिलने के बाद गुरुवार को लार पर लगा प्रतिबंध हटाने का फैसला किया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 2022 में गेंद पर लार लगाने पर स्थाई रूप से प्रतिबंध लगा दिया था, लेकिन आईपीएल अपने नियमों से संचालित किया जाता है और उसका यह फैसला विश्व क्रिकेट के अन्य देशों को भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित कर सकता है।
यह भी पढ़ें… एसआरएच आईपीएल की प्रबल दावेदार
आईपीएल 2025: नए नियम, कप्तान और टीमों की रणनीतियाँ
अन्य नियमों में शाम को खेले जाने वाले मैचों में अगर अंपायरों को लगता है कि ओस खेल पर अपना प्रभाव डाल रही है, तो वह दूसरी पारी के 11वें ओवर से नई गेंद का इस्तेमाल करने की अनुमति दे सकते हैं। दिन में होने वाले मैचों पर यह नियम लागू नहीं होगा। इसके अलावा टीम ऊँचाई और ऑफसाइड की वाइड के लिए भी निर्णय समीक्षा प्रणाली का उपयोग कर सकते हैं।
इन सब के बीच इंपैक्ट प्लेयर का नियम पहले की तरह बरकरार रहेगा। आईपीएल 2025 में कम से कम सात टीम नए कप्तान के साथ मैदान पर उतरेंगी। इनमें से कुछ खिलाड़ी विभिन्न कारण से कुछ मैच में ही अपनी टीम की अगुवाई करेंगे। सबसे चौंकाने वाला फैसला आरसीबी ने रजत पाटीदार को कप्तान बनाकर किया।
आरसीबी की टीम में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी शामिल हैं और यह देखना दिलचस्प होगा कि पाटीदार किस तरह से टीम की कप्तानी करते हैं। अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे, जबकि 2024 में केकेआर को चैम्पियन बनाने वाले श्रेयस अय्यर इस बार पंजाब किंग्स की कमान संभालेंगे।
कोलकाता की टीम की कप्तानी इस बार अजिंक्य रहाणे को सैंपी गई है। संजू सैमसन की ऊँगली की चोट के कारण रियान पराग राजस्थान रॉयल्स के शुरुआती मैचों में कप्तानी करेंगे। हार्दिक पांड्या पर पिछले सत्र में धीमी ओवर गति के लिए एक मैच का प्रतिबंध लगा था और इसलिए वह मुंबई इंडियंस के पहले मैच में नहीं खेल पाएँगे।
आईपीएल 2025: नए कप्तान, धुरंधर खिलाड़ी और बारिश की संभावना
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ रविवार को होने वाले इस मैच में सूर्यकुमार यादव मुंबई की कमान संभालेंगे। आईपीएल में सबसे अधिक कीमत पर बिकने वाले ऋषभ पंत इस सत्र में लखनऊ सुपर जॉइंट्स की कमान संभालेंगे, जिसने इस विकेटकीपर बल्लेबाज को 27 करोड़ रुपए में खरीदा था। वह पिछले कुछ समय से कोई मैच नहीं खेल पाए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 श्रृंखला और चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में होने के बावजूद उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। धोनी से ठीक 30 साल छोटे वैभव सूर्यवंशी भी इस बार आईपीएल का हिस्सा होंगे। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें अपनी टीम से जोड़ा है और यह देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें कितने मैच में खेलने का मौका मिलता है।
रोहित शर्मा और विराट कोहली पर भी इस बार नजर रहेगी। पिछले साल भारत के टी-20 विश्व कप में भारत के विजय अभियान का अंग रहे इन दोनों बल्लेबाजों ने इसके बाद सबसे छोटे प्रारूप के अंतरराष्ट्रीय स्तर से संन्यास ले लिया था। इसके बाद वह पहली बार टी-20 क्रिकेट में खेलते हुए नजर आएँगे। अगर शनिवार को होने वाले मैच की बात करें तो कोलकाता और बेंगलुरू दोनों ही जीत के साथ शुरुआत करने के लिए तैयार हैं।
इस मैच में सभी की निगाह स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पर टिकी रहेंगी, जिसमें उनका सामना कोहली और फिल साल्ट जैसे धुरंधर बल्लेबाजों से होगा। चक्रवर्ती ने चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बारिश हालाँकि इस मैच का मजा किरकिरा कर सकती है, क्योंकि मौसम विभाग में शनिवार को तेज आंधी के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है। टूर्नामेंट की शुरुआत एक शानदार उद्घाटन समारोह के साथ होगी, जिसमें श्रेया घोषाल, करण औजला और दिशा पाटनी अपनी प्रस्तुति देंगे।
मैच का समय : शाम 7.30 बजे से।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



