लाल किले के पास फर्जी एनआईए अधिकारी बन ठगी करता कश्मीरी गिरफ्तार

नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के एक व्यक्ति को लाल किले के पास से पकड़ा है, जो खुद को कथित रूप से केंद्रीय एजेंसी का अधिकारी बता कर नौकरी दिलाने के बहाने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के साथ ठगी करता था। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलवामा निवासी मुदस्सर नामक आरोपी को कोतवाली थाने की एक टीम ने गश्त के दौरान पकड़ा। पुलिस ने बताया कि लाल किले के पीछे दिल्ली चलो पार्क के पास जम्मू कश्मीर की पंजीकरण संख्या वाली एक काली हुंडई सैंट्रो कार संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी मिली। पुलिस अधिकारियों को कार के अंदर मुदस्सर और एक नाबालिग मिला। पूछताछ करने पर मुदस्सर ने राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के पहचान पत्र से मिलता-जुलता एक पहचान पत्र प्रस्तुत किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार्ड संदिग्ध प्रतीत हुआ और दोनों को विस्तृत पूछताछ के लिए थाने लाया गया।

संयुक्त पूछताछ में फर्जीवाड़े का खुलासा

अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी कथित तौर पर जम्मू-कश्मीर में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दिल्ली में रोजगार दिलाने का वादा करके उनसे कथित रूप से पैसे ऐंठता था। अधिकारी ने बताया कि मुदस्सर ने नाबालिग लड़के के परिवार को उसके लिए नौकरी का इंतजाम करने का आश्वासन दिया था और उसे दिल्ली लाने से पहले अग्रिम भुगतान भी ले लिया था।

यह भी पढ़े: बंगाल : एनआईए ने बेलडांगा हिंसा की जांच शुरू की

पुलिस ने बताया कि वे 12 फरवरी को कश्मीर से निकले और 13 फरवरी की रात को दिल्ली पहुंचे तथा जामा मस्जिद इलाके के एक गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। आरोपी ने दावा किया कि उसने नाबालिग को नौकरी दिलाने के लिए कुछ लोगों से संपर्क किया था, लेकिन वह इसका कोई दस्तावेजी सबूत पेश नहीं कर सका। विशेष प्रकोष्ठ, गुप्तचर ब्यूरो और संबंधित केंद्रीय एजेंसी की संयुक्त पूछताछ में यह साबित हुआ कि पहचान पत्र जाली था और ऐसा कोई कार्ड जारी नहीं किया गया था। पुलिस ने कहा कि इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button