राजा बने किसान : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि हमारी सरकार किसानों की सरकार है। हमारी सरकार ने केवल 18 महीने में किसानों के लिए 1 लाख 4 हजार करोड़ खर्च किए हैं। हमारी सरकार ने किसान को राजा बनाया है और कृषि को उत्सव बनाया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर को चुनौती दी कि क्या वह इस पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने ऐलान किया कि प्रजा सरकार कृषि को उत्सव बनाने के दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ा रही है।
रेवंत रेड्डी ने आज शाम सचिवालय के सामने आयोजित रैतु भरोसा विजयोत्सव सभा को संबोधित करते हुए मुख्य विपक्ष बीआरएस की जमकर खिंचाई की। उन्होंने कहा कि राज्य के 70 लाख किसान आज जश्न मना रहे हैं, जिसका सचिवालय गवाह है। हमारी प्राथमिकता किसान हैं। उसके बाद महिला कल्याण, तेलंगाना आंदोलनकारी तथा छात्र के हितों की रक्षा को प्राथमिकता दे रहे हैं।

अतीत में केसीआर ने किसानों को खेती सहायता राशि नहीं दी, तो हमारी सरकार बनने के तुरंत बाद 7,625 करोड़ जारी कर दिये गए। चुनावी वादे के अनुसार हमने कर्ज में डूबे किसानों का 2 लाख तक का फसल ऋण माफ कर उनका स्वाभिमान लौटाया। हमने 25.35 लाख किसानों के खातों में 20,617 करोड़ का जमा करके उन्हें कर्ज से मुक्त किया। अतीत में केसीआर ने धान उगाने से मना कर दिया था, लेकिन प्रजा सरकार धान की खेती को प्रोत्साहन दे रही है। किसानों ने हमारी सरकार पर विश्वास करके तेलंगाना को देश का सबसे बड़ा धान उत्पादक राज्य बना दिया।
केसीआर शासन में घोटाले और किसान धोखा
किसानों 2.80 करोड़ मीट्रिक टन धान की खेती कर तेलंगाना को देश में पहले नंबर पर ला खड़ा किया। बिचौलियों का शोषण रोक कर किसानों का साथ देने का श्रेय हमारी सरकार का है। रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि केसीआर ने हमें राज्य की आर्थिक व्यवस्था को सत्यानाश कर सत्ता हमको सौंपा। केसीआर ने किसानों के नाम पर लाखों करोड़ों का कर्ज लिया। किसानों को सिंचाई जल देने का झूठा वादा कर कालेश्वरम के नाम पर एक लाख करोड़ खर्च किये।

केसीआर ने किसान भावना को आय का स्रोत बना दिया और उन्होंने हजारों करोड़ कमाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मंच से केसीआर से सीधे पूछ रहा हूँ कि तेलंगाना के गठन से पहले आपकी वित्तीय स्थिति क्या थी? राज्य के गठन के बाद हरीश राव को मोइनाबाद में फार्म हाउस कैसे मिला? केटीआर को जनवाड़ा में फार्म हाउस कैसे मिला और केसीआर को गजवेल में फार्म हाउस कैसे मिला? आप हजारों करोड़ के मुखिया कैसे बन गए? राज्य पर 8 लाख करोड़ का कर्ज कैसे चढ़ गया?
केवल दस वर्षों में आप निज़ाम से ज़्यादा अमीर हो गए, लेकिन सबसे अमीर राज्य तेलंगाना आज दिवालिया हो गया है। मुख्यमंत्री ने प्रजा सरकार की सफलताओं की याद दिलाते हुए कहा कि जो काम केसीआर दस वर्षों में नहीं कर पाए, हमने पहले वर्ष में ही पूरा कर दिया। इनमें 60 हज़ार सरकारी नौकरियों पर नियुक्तियां भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि केसीआर यह बात बताएँ कि उनके दस वर्षों के शासन में कितनी नौकरियां दी गयीं।
यह भी पढ़ें… झूठ फैला रहे हैं बंडी संजय : बीआरएस
सिंचाई परियोजनाओं पर सरकारों की विफलता
रेवंत रेड्डी ने बताया कि प्रजा सरकार एक करोड़ महिलाओं को करोड़पति बनाने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने राज्य की जनता से बीआरएस के दस वर्ष का शासन और कांग्रेस के 18 महीने की शासन पर चर्चा करने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केसीआर के साजिशों और चालों के कारण अतीत में कांग्रेस के शासन में शुरू की गई एक भी सिंचाई परियोजना पूरी नहीं हुई। कालेश्वरम ढह गया और उस पर खर्च किये गये एक लाख करोड़ रुपये गोदावरी में बह गए।

रेवंत रेड्डी ने सवाल किया कि क्या यह सच नहीं है कि वहाँ के किसान कह रहे हैं कि परियोजना के ढहने के लिए आपको कालेश्वरम में ही फांसी देने में कोई हर्ज नहीं है? उन्होंने याद दिलाया कि केसीआर ने कई बार कहा था कि सीमांध्र नेता संयुक्त राज्य में तेलंगाना के परियोजनाओं की उपेक्षा की। फिर क्यों अपने दस वर्षों के शासनकाल में सिंचाई परियोजनाओं को नजरअंदाज किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य के सिंचाई क्षेत्र के नाम पर लूटने वाले बीआरएस नेता आज बंकाचर्ला के मामले में मेरे खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। अगर मुझे चंद्रबाबू से जुड़ना होता, तो चंद्रबाबू के साथ ही होता। यदि आप ईमानदार हैं, तो विधानसभा में बंकाचर्ला मुद्दे पर चर्चा करने आएँ। गोदावरी जल मुद्दे पर तेलंगाना के साथ किसने अन्याय किया, इस पर विस्तृत चर्चा करेंगे। मैं सभी जानकारियाँ जनता के सामने रखूंगा। इस कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का, कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव सहित कई मंत्री, विधायक, एमएलसी, उच्च अधिकारियों व किसानों ने भाग लिया।
लोगों का जीवन सँवारें : सीएस
राज्य सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव ने जिलाधीशों से कहा है कि वे अभिनव तरीके से सोचें और लोगों के जीवन पर स्थायी प्रभाव डालने के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों और वंचितों के उत्थान के लिए विभिन्न विकास और कल्याणकारी कार्यक्रमों को लागू कर रही है। उन्होंने आज जिलाधीशों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की और वन महोत्सव, इंदिरम्मा मकान निर्माण योजना, उर्वरकों की उपलब्धता, आयल पाम खेती का विस्तार, भू-भारती, मौसमी बीमारियों, टीबी मुक्त भारत, मेडिकल कॉलेजों की जरूरतों आदि की प्रगति की समीक्षा की।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में राजस्व, आवास, स्वास्थ्य, कृषि और वन विभाग के अधिकारी शामिल हुए। सीएस ने इंदिरम्मा घरों की प्रगति की समीक्षा करने और मंजूरी प्रक्रिया में तेजी लाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत घरों के निर्माण कार्य तुरंत आरंभ करने के लिए कदम उठाए जाएँ। उन्होंने सुझाव दिया कि वन महोत्सव के दौरान रोपण के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले पौधे तैयार रखे जाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फलों के पेड़ों की खेती पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए और पौधों के जीवित रहने की भी निगरानी की जानी चाहिए।
रामकृष्ण राव ने आगे कहा कि वर्षाकाल में फसलों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में आयोजित राजस्व सम्मेलन में 8 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने जिलाधीशों को व्यक्तिगत रूप से आवेदनों की निगरानी करने तथा मानवीय दृष्टिकोण के साथ उनका निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने जिलाधीशों को मानसून के आगमन के साथ फैलने वाली बीमारियों के प्रति सतर्क रहने को कहा। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



