धान के ढेर पर किसान का मरना सरकार के लिए शर्मनाक : केटीआर
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) विधायक व पूर्व मंत्री कल्वाकुंट्ला तारक रामाराव ने महबूबाबाद जिला, पेद्दावंगरा मंडल पोचमपल्ली ग्राम निवासी किसान गुगुलोतु किशन की कड़ी धूप के कारण धान के ढेर पर मौत होने का उल्लेख करते हुए इसे मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सरकार द्वारा की गई हत्या करार दिया।केटीआर ने कहा कि धान खरीद केंद्र के पास धान के ढेर पर ही धूप के कारण प्राण त्यागने वाले किसान गुगुलोतु किशन की मौत दिल दुःखाने वाली है।
उन्होंने सरकार से मृतक किसान के परिजनों को मुआवजा देकर राहत देने की मांग की। इसके अलावा खरीद केंद्र के पास लगे धान के ढेर को खरीदने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि एक ओर खरीद केंद्र में धान बेचने के लिए इंतजार में खड़े किसानों की जान जा रही है, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री ब्यूटी कांटेस्ट में मगन हैं, जो शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि किसान को कर्ज माफी, खेती पर निवेश की राशि रैतु भरोसा न देकर धोखा देने वाली सरकार किसान द्वारा पसीने से उगाए गए धान तक खरीदने से कतरा रही है, जो उसकी घोर विफलता है।उन्होंने कहा कि अकाल वर्षा के चलते खरीद केंद्र के पास पड़े धान के ढेर भीग रहे हैं, दूसरी ओर कड़ी धूप के कारण किसान मौत का शिकार हो रहे हैं, यह सरकार के लिए शर्म की बात है।
यह भी पढ़ें… सउदी में सड़क दुर्घटना में घायल तेलंगाना वासी को केटीआर की मदद
नायनी नरसिम्हा रेड्डी को दी श्रद्धांजलि
भारास कार्यकारी अध्यक्ष केटीआर ने पूर्व मंत्री नायनी नरसिम्हा रेड्डी की जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नायनी तेलंगाना गठन के बाद पहले गृह मंत्री बने। वे कार्मिकों के हितैषी थे। भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि केसीआर के अजीज रहे नरसिम्हा रेड्डी ने गृह मंत्री बनते ही तेलंगाना आंदोलनकारियों पर दर्ज मामले रद्द करने के पुलिस को निर्देश दिए और केस रद्द करवाए थे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के समय जब पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों ने त्याग पत्र दिए थे तब नायनी विदेश दौरे पर थे। जब उन्हें पता चला तो तुरंत देर न करते हुए अपना इस्तीफा हाथ से लिखकर फैक्स द्वारा भेज दिया। उन्होंने कहा कि दिवंगत नायनी के परिजनों के साथ पार्टी खड़ी है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



