किसान परेशान न हों, भीगा धान खरीदेंगे : उत्तम
हैदराबाद, सिंचाई व नागरिक आपूर्ति मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि सरकार ने धान खरीद को बहुत गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेमौसम बारिश से किसानों को परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि भीगा हुआ धान भी खरीदा जाएगा । उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और किसानों की इच्छा के अनुरूप ही अनाज की खरीद करेगी। उन्होंने जिलाधीशों को क्षेत्र स्तरीय दौरे कर अनाज खरीद प्रक्रिया की निगरानी करने का आदेश दिया।
उत्तम ने आज रबी धान खरीद की प्रगति पर जिलाधीशों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की। इसमें मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव, कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, पोन्नम प्रभाकर, सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव, नागरिक आपूर्ति मुख्य सचिव डी.एस. चौहान और अन्य ने भाग लिया। अवसर पर उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि रबी सीजन में भी अनाज की पैदावार रिकॉर्ड स्तर पर है।
यह भी पढ़ें… नालियों में कचरा फेंकने से बाधित हो रही मलजल व्यवस्था : जलबोर्ड
रबी धान खरीद में रिकॉर्ड, केंद्रों की संख्या बढ़ी
धान की खेती 60.14 लाख एकड़ में की गई है और उपज 129.35 लाख मीट्रिक टन होने का अनुमान है। इस बीच सरकार ने 70.13 लाख मीट्रिक टन अनाज खरीद का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि अब तक 50 लाख मीट्रिक टन अनाज खरीदा जा चुका है। पिछली सरकार ने वर्ष 2023 के रबी सीजन में 15 मई तक केवल 25 लाख मीट्रिक टन अनाज खरीदा था, जबकि कांग्रेस सरकार ने इस रबी सीजन में 15 मई तक 50 लाख मीट्रिक टन अनाज खरीदा है।
उत्तम ने बताया कि रबी धान की खरीद के लिए 8,348 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो एक अभूतपूर्व उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि रबी सीजन 2021-22 की तुलना में इस बार 1,739 अतिरिक्त खरीद केंद्र स्थापित किये गये हैं। मंत्री ने आगे बताया कि अनाज की पैदावार रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ने के कारण खरीद केन्द्रां की संख्या बढ़ा दी गई है।
उत्तम ने अधिकारियों को अगले 10-12 दिनों तक खरीद प्रक्रिया को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र स्तर पर त्रुटियों की पहचान कर उनका शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने अनाज खरीद प्रक्रिया के बारे में फैलाई जा रही गलत सूचनाओं को दूर करने का भी आह्वान किया। साथ ही जिलाधीशों से आग्रह किया कि वे समय-समय पर जनता को सच्चाई बताने तथा किसानों को भरोसा दिलाने की पहल करें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





