मोइनाबाद फार्म हाउस मामले में आरोपियों से पूछताछ पूरी
हैदराबाद, मोइनाबाद फार्म हाउस में ड्रग्स पार्टी और फायरिंग के मामले में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआई) ने तीन आरोपियों से पूछताछ आज पूर्ण कर ली। गौरतलब है कि अदालती आदेश के चलते एसआईटी ने इस मामले में आरोपी भारास के पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी समेत अन्य दो आरोपियों रितेश रेड्डी और नमित शर्मा को पूछताछ के लिए तीन दिन की पुलिस हिरासत में लिया था।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज तीन दिन की हिरासत पूर्ण होने के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। सूत्रों ने बताया कि तीन दिन की पूछताछ के दौरान एसआईटी के अधिकारियों ने आरोपियों से गहन पूछताछ कर ड्रग्स की खरीद-फरोख्त के संबंध में दुबई व अन्य देशों से संबंध के बारे में जानकारी हासिल की।
मोइनाबाद ड्रग्स पार्टी केस में अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच तेज
मोइनाबाद फार्म हाउस पर छापे के दौरान जब्त की गई कोकीन व अन्य ड्रग्स की सप्लाई करने वालों का पता लगाने के लिए तीन पुलिस दल भी गठित किए गए हैं। पूछताछ के दौरान जब्त किए गए पासपोर्ट से पता चला है कि रोहित रेड्डी पिछले माह के दौरान 10 से अधिक बार दुबई के अलावा जाम्बिया और यूके का दौरा कर चुका हैं।
रोहित के जब्त किए गए सेलफोन से पुलिस ने दुबई और अन्य देशों में काम करने वाले व्यापारियों से रोहित रेड्डी के अंतरराष्ट्रीय संबंधों का विवरण हासिल किया। गौरतलब है कि गत 14 मार्च को पुलिस ने मोइनाबाद फार्म हाउस पर छापा मारकर वहाँ संचालित ड्रग्स पार्टी का पर्दाफाश किया था।
यह भी पढ़े : गेटेड कम्युनिटी में पत्नी की बेरहमी से हत्या, पति फरार
इस दौरान 11 आरोपियों को हिरासत में लिया गया था, जिसमें आंध्र-प्रदेश के सांसद पुट्टा महेश कुमार भी शामिल थे। पुलिस के छापे के दौरान नमिता शर्मा ने अपनी लाइसेंस युक्त रिवॉल्वर से हवा में गोलियाँ भी चलाई। पुलिस ने .32 कैलिबर का रिवॉल्वर भी जब्त कर इसे फोरेंसिक जाँच हेतु भेज दिया था। जाँच-पड़ताल में यह भी पता चला कि वर्ष 2024 से गत 14 मार्च तक फार्म हाउस में इसी प्रकार से 20 से अधिक पार्टियाँ की गई थीं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



