गिरिडीह में तेज संगीत विवाद में एक की हत्या, तीन घायल
गिरिडीह, झारखंड के गिरिडीह जिले में तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने और तीन अन्य लोगों को धारदार हथियारों से हमला कर घायल करने के आरोप में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह घटना बृहस्पतिवार रात नगर थाना क्षेत्र के तहत दास मोहल्ला में हुई।
नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने कहा, ‘‘इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ये सभी कल रात से फरार हैं।’’ सिंह ने बताया कि यह घटना दो पड़ोसियों के बीच उस समय हुई जब एक पड़ोसी ने रात में तेज आवाज में संगीत बजाने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा, ‘‘पड़ोसी ने उनसे आग्रह किया कि होली का त्योहार समाप्त हो गया है, अब संगीत बंद कर दें और उन्हें सोने दें। इसी बात पर पड़ोसियों के बीच झड़प हो गई जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’
सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अजय दास के रूप में हुई है। इस बीच, झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार ने गिरिडीह के सदर अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। मंत्री ने कहा कि उन्होंने उप मंडलीय अधिकारी को मामले की जांच का निर्देश दिया है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



