कैंसर के डर में बच्चों की हत्या कर किया आत्महत्या का प्रयास
भीलवाड़ा, भीलवाड़ा जिले से एक ऐसी दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहाँ एक माँ ने अपने ही दो मासूम बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। शुरुआती जाँच और महिला के पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, इस खौफनाक कदम के पीछे कैंसर होने का शक और सोशल मीडिया पर देखी गई कुछ रील्स से उपजा गहरा मानसिक डर बताया जा रहा है।
यह घटना मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में हुई। आरोपी महिला संजू देवी ने अपने ही बच्चों की गर्दन पर कील घोंपकर तब तक वार किए, जब तक दोनों ने दम नहीं तोड़ दिया। बच्चों की हत्या के बाद महिला ने खुद भी जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन समय रहते उसकी जान बच गई। पुलिस के अनुसार, संजू देवी लंबे समय से शारीरिक समस्याओं से जूझ रही थी।
सोशल मीडिया डर और मानसिक दबाव में माँ ने बच्चों की हत्या की
उसके मुंह में बार-बार छाले हो रहे थे और उसे कुछ अन्य समस्याएँ भी थीं। इसी दौरान उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ रील्स देखीं, जिनमें यह बताया गया था कि लंबे समय तक मुंह में छाले रहना कैंसर का संकेत हो सकता है। इन वीडियो को देखकर महिला के मन में यह डर बैठ गया कि वह किसी गंभीर बीमारी, संभवत कैंसर से पीड़ित है और उसकी मौत निश्चित है।
पुलिस को दिए गए बयान में महिला ने स्वीकार किया कि उसे लगातार यह सोच सताने लगी थी कि अगर उसकी मौत हो गई तो उसके दोनों बच्चों की देखभाल कौन करेगा। इसी मानसिक दबाव और भय के चलते उसने यह भयावह कदम उठा लिया। घटना के बाद संजू देवी ने खुद अपने पति राजू को फोन कर बताया कि उसने दोनों बच्चों की हत्या कर दी है और अब वह खुद भी जहर खाकर आत्महत्या करने जा रही है। पत्नी की बात सुनकर पति घबरा गया और तुरंत पड़ोसियों को फोन कर इसकी सूचना दी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



