एफएलओ ने एआईजी गच्चीबावली में किया हेल्थ कॉन्क्लेव-वेलनेस 360 का आयोजन
हैदराबाद, फिक्की लेडीज ऑर्गनाइजेशन हैदराबाद चैप्टर द्वारा एआईजी हॉस्पिटल्स, गच्चीबावली के सहयोग से महिलाओं के स्वास्थ्य पर आधारित हेल्थ कॉन्क्लेव- वेलनेस 360 का आयोजन किया गया। अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एआईजी हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. डी. नागेश्वर रेड्डी ने घोषणा करते हुए कहा कि एआईजी जल्द ही स्मार्ट टॉयलेट पेश करेगा। यह अत्याधुनिक तकनीक स्वास्थ्य निगरानी के लिए मल-मूत्र के नमूनों को स्वचालित रूप से एकत्रित और विश्लेषित करेगी। एआईजी भारत का पहला अस्पताल होगा, जहाँ इस तरह के स्मार्ट टॉयलेट लगाए जाएंगे।
डॉ. डी. नागेश्वर रेड्डी ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा जगत में अगली बड़ी चीज आंत माइक्रोबायोम है, जो अब चिकित्सा का भविष्य है। उन्होंने कहा कि हमारा स्वास्थ्य केवल हृदय, गुर्दे या फेफड़ों पर ही नहीं, बल्कि हमारी आंत की प्रक्रिया पर भी निर्भर करता है। आंत हमारे द्वारा खाए जाने वाले भोजन को तोड़ती है और शरीर के कार्यों के लिए आवश्यक पोषक तत्वों को अवशोषित करती है। शोध से पता चलता है कि आंत माइक्रोबायोम हर अंग को प्रभावित करता है। हमारी आंत में लगभग एक हजार प्रजातियों के अरबों बैक्टीरिया अच्छे और बुरे दोनों होते हैं।
इंड-मेड डाइट हेतु इजराइली पोषण संस्थान के साथ सहयोग
डॉ. रेड्डी ने कहा कि अनावश्यक सिजेरियन प्रसव, स्तनपान की कमी और एंटीबायोटिक दवाओं का अत्यधिक उपयोग इस संतुलन को बिगाड़ सकते हैं। अगर हानिकारक बैक्टीरिया हावी हो जाते हैं, तो यह मोटापे और कई पुरानी बीमारियों का कारण बन सकता है। अगर हमारा खान-पान सही है, सक्रिय जीवन शैली है और अच्छी तरह से व्यायाम आदि भी कर रहे हैं, फिर भी वजन कम नहीं हो रहा है, तो यह हानिकारक बैक्टीरिया के कारण हो सकता है। कुछ बैक्टीरिया हमें आलसी बनाते हैं, जबकि कुछ हमें सक्रिय बनाते हैं। डॉ. डी. नागेश्वर रेड्डी ने कहा कि एआईजी हॉस्पिटल्स ने भारतीय और भूमध्य सागरीय पोषण सिद्धांतों को मिलाकर इंड-मेड डाइट विकसित करने के लिए इजराइली पोषण संस्थान के साथ सहयोग किया है।
यह भी पढ़ें… अपोलो हॉस्पिटल्स द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य संवाद ग्लोबल वॉयसेज वन विजन जनवरी में
स्वास्थ्य सम्मेलन में की गई 360 डिग्री वेलनेस पर चर्चा
एआईजी में सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और मिनिमली इनवेसिव सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. जी. वी. राव, अपोलो हेल्थ सिटी में वरिष्ठ स्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रूमा सिन्हा, बसवतारकम इंडो अमेरिकन कैंसर हॉस्पिटल में वरिष्ठ सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. टी. सुब्रमण्येश्वर राव तथा एआईजी हॉस्पिटल्स में ओटोलरींगोलॉजी विभाग के निदेशक एवं प्रमुख डॉ. श्रीनिवास किशोर सिस्टला ने इस सम्मेलन में भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर समग्र दृष्टिकोण को लेकर चर्चा की।
एफएलओ हैदराबाद की अध्यक्ष प्रतिभा कुंडा ने अवसर पर स्वागत वक्तव्य देते हुए कहा कि स्वास्थ्य केवल बीमारी का अभाव नहीं है। यह जीवन के हर पहलू में फलता-फूलता है। सच्चा स्वास्थ्य तब होता है, जब हमारा शरीर, मन और आत्मा सभी संतुलन में हों। यही 360 डिग्री वेलनेस की असली शक्ति है। कार्यक्रम में एफएलओ की सौ से अधिक सदस्यों ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



