मोहम्मद शमी की वापसी के लिए यह तो बस शुरुआत है : पुजारा

नयी दिल्ली, पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल मैच में अच्छी गेंदबाजी करने वाले मोहम्मद शमी की तारीफ करते हुए कहा कि इस तेज गेंदबाज की वापसी की राह में यह तो बस शुरुआत है। भारतीय टीम से बाहर चल रहे शमी को लखनऊ ने 10 करोड रुपए में खरीदा। शमी ने लखनऊ की तरफ से पदार्पण करते हुए अपनी पहली गेंद पर ही केएल राहुल को आउट कर दिया था और इस तरह से वह आईपीएल इतिहास में पांच बार पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं।

पुजारा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शमी के प्रदर्शन के बारे में स्टार स्पोर्ट्स से कहा,‘‘आईपीएल का यह सत्र मोहम्मद शमी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और जिस तरह से उन्होंने दिल्ली के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की उससे पता चलता है कि वह पूरी तरह से तैयार हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शमी ने भले ही 28 रन देकर एक विकेट लिया लेकिन उन्होंने पावर प्ले में अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहली गेंद पर ही केएल राहुल को आउट किया और इसका पूरा श्रेय शमी को जाता है।’’

शमी की शानदार गेंदबाजी, हार के बावजूद छाए रहे

लखनऊ की टीम इस मैच में हार गई लेकिन शमी ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। पुजारा ने कहा, ‘‘शमी को पता था कि राहुल को इनसाइड आउट शॉट खेलना पसंद है, इसलिए उन्होंने गेंद ऑफ स्टंप से बाहर फेंकी। राहुल ने इनसाइड आउट शॉट खेला लेकिन गेंद सीधे डीप प्वाइंट पर खड़े फील्डर के हाथों में चली गई। इसके बाद भी उन्होंने कसी गेंदबाजी की।’’

पुजारा ने कहा, ‘‘शमी पिछले एक साल से घरेलू क्रिकेट में सभी प्रारूपों में खेल रहे हैं और उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। वह अपने घरेलू फॉर्म को आईपीएल में भी बरकरार रख रहे हैं। दिल्ली के खिलाफ यह प्रदर्शन मोहम्मद शमी की वापसी की राह में केवल शुरुआत है।’’

समीर रिजवी पर भरोसा, टीम मैनेजमेंट की सराहना

इस पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने समीर रिजवी को इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतारने के दिल्ली कैपिटल्स के फैसले की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘परिस्थितियों को देखते हुए आशुतोष शर्मा की जगह समीर रिजवी को इंपैक्ट सब्स्टीट्यूट के तौर पर लाना अच्छा फैसला था। टीम प्रबंधन ने रिजवी पर भरोसा जताया और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। इस विकेट पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। वह भले ही आगे भी इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतरें, लेकिन मैं आशुतोष शर्मा या करुण नायर की जगह उन्हें प्राथमिकता दूंगा।’’

यह भी पढ़े: विजय हजारे ट्रॉफी में बंगाल के आक्रमण की अगुवाई करेंगे मोहम्मद शमी

पुजारा ने इसके साथ ही कहा कि कुलदीप यादव अब अधिक आत्मविश्वास के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘एक गेंदबाज के लिए आत्मविश्वास बेहद महत्वपूर्ण होता है। पिछले दो वर्षों में कुलदीप यादव ने जिस तरह की गेंदबाजी की है, वह उनके आत्मविश्वास के कारण है। वह बिना किसी खौफ के गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्हें अब अपनी गेंदबाजी पर पूरा भरोसा है।’’ (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button