पूर्व बैंकर पीयूष गुप्ता बने सिंगापुर राष्ट्रपति परिषद के सदस्य

सिंगापुर, भारतीय मूल के बैंकर पीयूष गुप्ता को सिंगापुर में ‘काउंसिल ऑफ प्रेसिडेंशियल एडवाइजर्स’ का वैकल्पिक सदस्य नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति कार्यालय ने बृहस्पतिवार को एक मीडिया विज्ञप्ति में बताया कि राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम ने प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की सलाह पर यह नियुक्ति की।

मेरठ में जन्मे और अब सिंगापुर के नागरिक 65 वर्षीय गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक किया और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, अहमदाबाद से प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया।उन्हें 2020 में सिंगापुर के राष्ट्रपति ने उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए ‘पब्लिक सर्विस स्टार’ से सम्मानित किया और भारत सरकार ने 2023 में प्रवासी भारतीय सम्मान प्रदान किया।

पीयूष गुप्ता को वैश्विक नेतृत्व सम्मान मिला

गुप्ता नवंबर 2009 से मार्च 2025 तक डीबीएस ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और निदेशक रहे। उनके नेतृत्व में डीबीएस ने उल्लेखनीय परिवर्तन किया और भारत में डीबीएस बैंक की स्थापना की। इससे पहले उन्होंने सिटीग्रुप में 27 साल काम किया, जहां उनका अंतिम पद दक्षिण-पूर्व एशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के सीईओ के रूप में था।

यह भी पढ़े : दो दिनों की गिरावट के बाद शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी

वह ‘सिंगापुर इंडियन डेवलपमेंट एसोसिएशन’ (सिंडा) के ट्रस्टी, सिंगापुर प्रबंधन विश्वविद्यालय के न्यास मंडल के अध्यक्ष, मंडई पार्क होल्डिंग्स बोर्ड के अध्यक्ष और केप्पल लिमिटेड के उपाध्यक्ष हैं। गुप्ता को 2019 में ‘हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू’ ने दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ सीईओ में स्थान दिया था। उन्हें 2021 में इकोनॉमिक्स टाइम्स ने ‘ग्लोबल इंडियन ऑफ द ईयर’, 2016 में ‘आउटस्टैंडिंग सीईओ ऑफ द ईयर’ और 2014 में ‘सिंगापुर बिजनेस लीडर ऑफ द ईयर’ का सम्मान मिला था। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button