एचसीए के पूर्व अध्यक्ष ने अमरनाथ की नियुक्ति को लेकर दायर की याचिका
हैदराबाद, हैदराबाद क्रिकेट संघ (एचसीए) पूर्व अध्यक्ष ए. जगनमोहन राव ने उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की है जिसमें अमरनाथ को एचसीए का अध्यक्ष बनाने और उन्हें अयोग्य घोषित करने को चुनौती दी गई है। उच्च न्यायालय की न्यायाधीश जस्टिस रेणुका यारा की बेंच ने गुरुवार को इस याचिका पर सुनवाई की।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने दलील देते हुए कहा कि लोकपाल (अंबूड्समेन) ने उन्हें दी गई शक्तियों से परे एकतरफा काम किया। किसी व्यक्ति को एसोसिएशन से तभी अयोग्य ठहराया जा सकता है, जब उसके खिलाफ अदालत में आरोप साबित हो जाएँ, लेकिन जगनमोहन राव के खिलाफ क्लब एसोसिएशन में हस्ताक्षर की जालसाजी के आरोप में सिर्फ एक एफआईआर और एचसीए में निधियों के गलत इस्तेमाल पर एक और एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि इन पर कोई आरोप पत्र दायर नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें… हैद्रा पर फिर नाराज़ हुआ तेलंगाना हाईकोर्ट
एचसीए के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि चूंकि एचसीए पब्लिक सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट के तहत रजिस्टर्ड है, इसलिए सोसाइटी के मुद्दों को जिला स्तर पर सिविल कोर्ट में चुनौती दी जानी चाहिए और दायर याचिका अमान्य है। दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने मामले की अगली सुनवाई 18 फरवरी तक स्थगित कर दी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



