पूर्व मंत्री केटीआर से 7 घंटे पूछताछ- फार्मूला ई-कार रेस मामला
हैदराबाद, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के अधिकारियों ने आज फार्मूला ई-कार रेस के मामले के संबंध में पूर्व मंत्री व भारास के कार्यवाहक अध्यक्ष के. तारक रामाराव (केटीआर) से लगभग 7 घंटे पूछताछ की । प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसीबी के संयुक्त निदेशक रितुराज और डीएसपी माजीद खान ने केटीआर से उनके अधिवक्ता रामचंदर राव के समक्ष मामले में पूछताछ की। एसीबी के अधिकारियों ने केटीआर से लगभग 60 सवाल किए।
सवालों का जवाब देते हुए केटीआर ने फार्मूला ई-कार रेस को तत्कालीन सरकार का नीतिगत मामला बताते हुए कहा कि मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद ही फार्मूल ई-कार रेस का आयोजन किया गया। पूछताछ के दौरान एसीबी के अधिकारियों ने केटीआर का सेलफोन जब्त करने का प्रयास किया, लेकिन केटीआर ने अपना सेलफोन नहीं सौंपा। गौरतलब है कि फार्मूला ई-कार रेस के संबंध में एसीबी द्वारा दर्ज मामले में केटीआर को आरोपी नं. 1 करार दिया गया।
यह भी पढ़ें… नदी में गिरा पुल, चार लोगों की मौत 18 घायल
केटीआर से पूछताछ के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने केटीआर से वर्ष 2021 से वर्ष 2024 के दौरान उपयोग में लाए गए सेलफोन सौंपने के आदेश दिए। इस दौरान उपयोग में लाए गए सेलफोन में मामले के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सकती है। इस संभावना के चलते ही अधिकारियों ने फोन सौंपने के लिए कहा। केटीआर से आज सुबह 10 बजे पूछताछ प्रारंभ की गई, जो लगभग 7 घंटे तक चली।
पूछताछ के दौरान केटीआर ने सवालों का जवाब देते हुए कहा कि फार्मूला ई-कार रेस में कोई घोटाला नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि एसीबी के अधिकारी चिट्टी नायुडू द्वारा भेजे गए सवाल ही उनसे पूछ रहे हैं। पूछताछ से पहले बंजारा हिल्स स्थित एसीबी मुख्यालय के आस-पास कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी गई। क्योंकि बड़ी संख्या में भारास के नेता व कार्यकर्ता कार्यालय के पास इकट्ठा हो रहे थे।
इतना ही नहीं, भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन के पास भी सुरक्षा व्यवस्था तैनात करते हुए भवन के अगले और पिछले दरवाज़े पर पुलिस ने ताले लगा दिए। तेलंगाना भवन में भारी संख्या में भारास कार्यकर्ता जमा हुए थे और एसीबी कार्यालय जाने का प्रयास कर रहे थे। इसके अलावा एसीबी कार्यालय के निकट नीलोफर होटल को भी पुलिस ने जबरन बंद करवा दिया, क्योंकि होटल में भी भारास के नेता व कार्यकर्ता जमा हुए थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



