गैस सिलेंडर के बढ़े दाम, आम आदमी को लगा झटका

नई दिल्ली, अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते एनर्जी की बढ़ती कीमतों के बीच देश में घरेलू LPG और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। घरेलू LPG सिलेंडर का दाम 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर का दाम 114.5 रुपये बढ़ाया गया है। घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में आखिरी बार 8 अप्रैल 2025 को बदलाव हुआ था। उस वक्त कीमत 50 रुपये बढ़ाई गई थी। वहीं 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत हाल ही में 1 मार्च 2026 को 28-31 रुपये बढ़ाई गई थी। अब यह और महंगा हो गया है।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, बिना सब्सिडी वाले 14.2 kg के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत अब दिल्ली में 913 रुपये होगी, जबकि पहले यह 853 रुपये थी। मुंबई में कीमत अब 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये है। लोकल सेल्स टैक्स या VAT के आधार पर रेट अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग होते हैं। वेबसाइट के अनुसार, कीमत में यह बढ़ोतरी 7 मार्च 2026 से लागू है। उज्ज्वला योजना के लाभार्थी, यानि 10 करोड़ से ज्यादा गरीब लोग जिन्हें 2016 में स्कीम शुरू होने के बाद से मुफ्त LPG कनेक्शन मिले हैं, उन्हें साल में 12 बार रिफिल कराने पर 14.2 kg के सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी मिलती रहेगी।

ग्लोबल एनर्जी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी बनी कारण

होटल और रेस्टोरेंट जैसी जगहों पर इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम के कमर्शियल LPG की कीमत में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब दिल्ली में इसकी कीमत 1883 रुपये है। मुंबई में कीमत अब 1835 रुपये, कोलकाता में 1990 रुपये और चेन्नई में 2043.50 रुपये है। 3 महीनों में चौथी बार कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं। 1 मार्च 2026 को हुई बढ़ोतरी से पहले फरवरी में इसके दाम में 49 रुपये और जनवरी में 111 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। दिसंबर 2025 में 19 Kg के कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई थी। इंडस्ट्री के अधिकारियों का कहना है कि यह बढ़ोतरी वेस्ट एशिया में मिलिट्री विवाद शुरू होने के बाद से ग्लोबल एनर्जी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद हुई है। कीमत बढ़ने के बावजूद, भारत में कुकिंग गैस की कीमत पड़ोसी देशों की तुलना में सबसे कम है।

28 फरवरी 2026 को इजराइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ खुली जंग का ऐलान करते हुए एयर स्ट्राइक की। कुछ ही घंटों में ईरान ने भी जवाब देते हुए मिसाइल और ड्रोन से इजराइल पर हमले कर दिए। ईरान ने मध्यपूर्व के कई देशों पर भी हमले किए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ किसी भी तरह का समझौता तभी संभव है, जब वह बिना शर्त सरेंडर करे। इसके बाद ईरान में नई और बेहतर लीडरशिप चुनी जाएगी। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button