मानसून के लिए कमर कसें : मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी

हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने नकली बीज बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यक हुआ, तो ऐसे लोगों पर पी.डी. कानून लगाया जाए तथा किसानों को नकली बीजों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने जिलाधीशों को क्षेत्र स्तर पर जाकर स्थिति के अनुसार कार्रवाई करने के आदेश दिया। उन्होंने कहा कि चालू वर्ष राज्य में मानसून 15 दिन पहले आएगा।

रेवंत रेड्डी ने जिलाधीशों को इसके अनुरूप अग्रिम योजना के साथ तैयार रहने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि बारिश जल्दी आने के कारण कुछ स्थानों पर अनाज खरीदी में दिक्कतें आई हैं और किसान चिंतित हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार पूरा अनाज खरीदने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी आज शाम कमांड कंट्रोल सेंटर में मंत्रियों और अधिकारियों के साथ अनाज खरीद, इंदिरम्मा घर, भू-भारती, मानसूनी फसलों की खेती आदि मुद्दों पर वीडियो कॉन्फ्रेंस की।

धान खरीदी में रिकॉर्ड भुगतान और सरकारी तैयारियाँ

इस बैठक में उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का, मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव, उत्तम कुमार रेड्डी, पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, पोन्नम प्रभाकर, सीतक्का, कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, दामोदर राज नरसिम्हा सहित सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव, उच्च अधिकारी और सभी जिलाधीशों ने भाग लिया। इस अवसर पर रेवंत रेड्डी ने कहा कि मानसून पहले आने के मद्देनजर कृषि अधिकारियों को सतर्क होना चाहिए। किसानों के लिए बीज और खाद तैयार हैं।

फसल का विवरण और स्थानीय आवश्यकताओं की पहले ही पहचान कर ली जानी चाहिए,ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रत्येक जिले में पर्यवेक्षण के लिए एक विशेष अधिकारी नियुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में इस वर्ष 2.75 करोड़ टन धान की पैदावार हुई है, जो देश में सर्वाधिक है। उन्होंने धान खरीदी का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार अब तक की सर्वाधिक 64 लाख 50 हजार मीट्रिक टन अनाज की खरीद की गई।

अब तक 90 प्रतिशत अनाज खरीद पूरी हो चुकी है। अब तक अनाज खरीदी के लिए किसानों को 12,184 करोड़ का भुगतान किया गया है। अनाज की खरीदी के 48 घंटे के भीतर ही किसानों के बैंक खातों में रुपये जमा करवाए जा रहे हैं। हम इसका प्रचार नहीं कर रहे है और इसके चलते छोटी-छोटी घटनाएं प्रचार में आ रही हैं। कुछ स्थानों पर राजनीति से प्रेरित घटनाएं हो रही हैं।

यह भी पढ़ें… वेलकम मानसून, तेलंगाना में दो सप्ताह पहले आगमन

धान खरीदी, भू-भारती और योजनाओं पर सख्त निर्देश

रेवंत रेड्डी ने जिलाधीशों को समय-समय पर अनाज खरीद का विवरण देने तथा छोटे-मोटे मुद्दों का तुरंत समाधान करने के आदेश दिया। उन्होंने कहा कि धान के भंडारण के लिए यदि आवश्यकता हुई, तो स्थानीय गोदाम किराये पर ले लें। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि यदि मिल मालिक और दलाल किसानों को परेशान करते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि यदि शासन के मामले में कोई गलती या विफलता है तो उसे सुधारा जाना चाहिए और यदि कोई दुष्प्रचार हो रहा है तो उसका स्पष्टीकरण दिया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जानबूझकर दुर्भावनापूर्ण प्रचार करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करने में कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने भू-भारती अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि यह कानून गरीब किसानों के लिए बहुत उपयोगी है।

भू-भारती पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किए जाने चाहिए। इस अधिनियम को लोगों तक पहुंचाने के लिए राजस्व सम्मेलनों का तीसरा चरण 3 से 20 जून तक आयोजित किया जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने इंदिरम्मा मकान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना भी बहुत महत्वपूर्ण हैं।

जिलों में योजनाओं की समीक्षा और जिम्मेदारियाँ तय

क्षेत्र स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान करना जिलाधीशों की जिम्मेदारी है। उन्होंने इंदिरम्मा घरों के निर्माण में नई तकनीक का उपयोग करने का सुझाव दिया। उन्होंने आदेश दिया कि इंदिरम्मा मकानों के लाभार्थियों की अंतिम सूची चालू मासांत तक तक तैयार कर ली जाए।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रभारी मंत्रियों को गुरुवार और शुक्रवार (29 व 30 मई) को संबंधित जिलों का दौरा कर अनाज खरीद, भू-भारती राजस्व सम्मेलनों और मानसून फसलों की खेती की तैयारी योजना पर जिलाधीशों के साथ समीक्षा करने के आदेश दिया। उन्होंने मंत्रियों और जिलाधीशों को निर्देश दिए कि वे इन सभी पहलुओं पर जिलेवार पूरी रिपोर्ट 1 जून तक उन्हें सौंपें। उन्होंने कहा कि उसी दिन सचिवालय में मंत्रियों के साथ विशेष बैठक होगी, जिसमें तत्काल उठाए जाने वाले कदमों और लागू की जाने वाली योजना पर चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने निर्देश दिए कि 2 जून को राज्य स्थापना दिवस सभी जिलों में भव्य रूप से मनाया जाए।

मानसूनी बीमारियों पर तैयारी का निर्देश

मुख्यमंत्री ने मानसून समय से पहले आने के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों और बुखार के खतरे के बारे में सचेत किया। उन्होंने जिलाधीशों को विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में सार्वजनिक स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों में कोविड के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ-साथ मौसम के अनुसार सभी जिलों में उचित सावधानी बरती जाए।

इसके अलावा रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को हैदराबाद और राज्य के कई जिलों में हो रही बारिश के कारण किसी भी नुकसान को रोकने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनियों के अनुसार उचित सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने आदेश दिया कि हैदराबाद शहर के सभी विभागों के अधिकारी उपलब्ध रहें और जीएचएमसी, पुलिस, हैद्रा, यातायात और बिजली विभाग समन्वय से काम करें। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सड़कों पर जल जमाव, यातायात जाम और बिजली की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि निचले क्षेत्रों में बाढ़ आने से रोकने और लोगों को असुविधा से बचाने के लिए वैकल्पिक उपाय किए जाने चाहिए। उन्होंने वर्षा वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने का सुझाव दिया। उन्होंने सरकार के मुख्य सचिव को ग्रेटर हैदराबाद सहित सभी जिलों में वर्षा की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button