सिकंदराबाद जोन में जीएचएमसी की खाद्य सुरक्षा पर सख्त कार्रवाई
हैदराबाद, हैदराबाद महानगर निगम (जीएचएमसी) ने सिकंदराबाद जोन में होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर व्यापक निरीक्षण करते हुए खाद्य सुरक्षा व स्वच्छता के पालन को लेकर अभियान चलाया।
सिकंदराबाद की क्षेत्रीय आयुक्त मंगतायारु के नेतृत्व में अधिकारियों ने जाँच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से जुड़े गंभीर उल्लंघन पाए। निरीक्षण के दौरान रखरखाव में लापरवाही, एक्सपायरी डेट पार कर चुके खाद्य पदार्थों का भंडारण, बिना अनुमति वाले फूड कलर्स का उपयोग समेत अन्य प्रकार की खामियाँ उजागर हुईं, जिसके बाद संबंधित दो प्रतिष्ठानों के प्रबंधन को नोटिस जारी किए गए।

जीएचएमसी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले में आगे की कार्रवाई फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट के प्रावधानों के तहत की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई से लेकर लाइसेंस संबंधी कड़े कदम उठाए जाएँगे। नगर निगम ने बताया कि ग्रेटर हैदराबाद क्षेत्र के सभी होटल, रेस्टोरेंट व खाद्य प्रतिष्ठानों को निर्धारित स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।

यह भी पढे़: जीएचएमसी ने मंजूर किया 11,460 करोड़ का बजट
अधिकारियों ने अस्वच्छ या असुरक्षित खाद्य सामग्री परोसकर जन-स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। अवसर पर फूड इंस्पेक्टर लक्ष्मीकांत, फूड सेफ्टी अधिकारी स्वाति और साहिति के साथ कवाडीगुड़ा सर्कल के उपायुक्त, सहायक निगम आयुक्त तथा स्वच्छता प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) के अधिकारी भी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



